सफर से पहले ध्यान दें : वीकेंड पर उमड़ा जनसैलाब, सुबह से जाम में जकड़ा हरिद्वार; पुलिस का ट्रैफिक प्लान रविवार से लागू

सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड की भीड़ के चलते हरिद्वार में भारी ट्रैफिक जाम लगा। रोड़ीबेलवाला से भूपतवाला तक वाहनों की लंबी कतारें रहीं और श्रद्धालुओं को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।

हरिद्वार : सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या ने शनिवार को ही हरिद्वार की यातायात व्यवस्था की परीक्षा ले ली। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद शहर के प्रमुख मार्गों पर सुबह से दोपहर तक लंबा जाम लगा रहा। रोड़ीबेलवाला से भूपतवाला तक वाहनों की कतारें लगी रहीं, जबकि दोपहर के समय जाम का दायरा शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक फैल गया। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को घंटों रेंगते हुए सफर करना पड़ा।

13 से 15 जून तक विशेष यातायात योजना तैयार

आगामी सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 13 से 15 जून तक विशेष यातायात योजना तैयार की है। एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। अलकनंदा, दीनदयाल, पंतदीप और चमगादड़ टापू पार्किंग को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है। यातायात दबाव बढ़ने पर वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर लक्सर, फेरूपुर और सत्तीचौक होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।

End of Feed