UP STF encounter in Mathura: उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश पंकज यादव बुधवार सुबह राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के साथ मुठभेड़ में मारा गया। सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्तौल, एक रिवॉल्वर, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पंकज यादव यूपी में मुख्तार अंसारी और बिहार में शहाबुद्दीन गैंग के लिए कथित तौर पर भाड़े पर हत्या करवाता था।
एनकाउंटर में एक लाख के इनामी बदमाश की मौत (सांकेतिक फोटो)
ये भी पढ़ें - Jaipur-Jodhpur Expressway: रेतीली राहों पर दिखेगा रफ्तार का रोमांच, बनने वाला है जयपुर-जोधपुर एक्सप्रेसवे
बदमाश का एक साथी मौके से फरार
एसटीएफ के सूत्रों ने बताया कि स्पेशल टास्क फोर्स को एक लाख के इनामी बदमाश पंकज यादव के मथुरा के फरह क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोटरसाइकिल सवार यादव को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। एसटीएफ टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें यादव मारा गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पंकज यादव पर दर्ज थे 36 मुकदमे
सूत्रों के मुताबिक, यादव पर हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी जैसे जघन्य अपराधों में 36 मुकदमे दर्ज थे। उन्होंने बताया कि यादव अगस्त 2009 में मऊ में हुए ठेकेदार मन्ना सिंह हत्याकांड के गवाह राम सिंह मौर्य और उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी सतीश की मार्च 2010 में हुई हत्या मामले में भी आरोपी था।
(इनपुट-भाषा)
