सालों का इंतजार हुआ खत्म, धार के आदिवासी अंचल में आजादी के बाद पहली बार दौड़ेगी ट्रेन; पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

Dhar Rail Service: धार के आदिवासी अंचल में आजादी के बाद पहली बार रेल सेवा की शुरुआत होने जा रही है, जिसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। 8 सितंबर को टांडा रोड स्टेशन से यात्री ट्रेन संचालन शुरू होने के साथ लंबे इंतजार का अंत होगा। रेल कनेक्टिविटी मिलने से धार में व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

Tanda Rail Service: मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल धार क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक अध्याय शुरू होने जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार टांडा से नियमित रूप से यात्री ट्रेन सेवा शुरू होने वाली है। कल 8 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वडोदरा से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से 12 कोच वाली MEMU ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, धार के टांडा रोड स्टेशन पर केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद सावित्री ठाकुर ट्रेन को रवाना करेंगी। ट्रेन सेवा शुरू होने के साथ ही धार-छोटाउदयपुर रेल परियोजना के टांडा रोड से डेकाकुंड तक के रेल खंड पर नियमित यात्री परिचालन की शुरुआत हो जाएगी। इस रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही आदिवासी अंचल के विकास और संपर्क व्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Tanda Rail Service

टांडा रोड से शुरू होगी नियमित MEMU सेवा (प्रतीकात्मक फोटो)

परिवहन और विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद

धार जिले के आदिवासी अंचल के लिए रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से एक ऐतिहासिक शुरुआत होने जा रही है। आजादी के बाद पहली बार इस क्षेत्र में रेल सेवा का विस्तार होगा। छोटा उदयपुर–धार रेल परियोजना के अंतर्गत टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक नई रेल लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। लंबे समय से रेल सुविधा का इंतजार कर रहे मालवा क्षेत्र के लोगों के लिए इसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वडोदरा से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से चार मालगाड़ियों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही धार जिले का रेल संपर्क औपचारिक रूप से देश के रेल नेटवर्क का हिस्सा बन जाएगा और क्षेत्र में परिवहन तथा विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

End of Feed