Hingoli Earthquake Today: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में शनिवार की सुबह दहशत भरी रही। हिंगोली और नांदेड़ सहित आसपास के कई जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई है। शनिवार, 11 अप्रैल 2026 की सुबह जब लोग अपने रोजमर्रा के कामो में जुटे थे, तभी अचानक आए इस भूकंप ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
सुबह-सुबह कांपी मराठवाड़ा की धरती
सुबह 8:45 बजे कांपी धरती
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र हिंगोली के पास जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था। यह घटना सुबह ठीक 8:45 बजे हुई। भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसके झटके केवल हिंगोली ही नहीं, बल्कि नांदेड़, परभणी, वाशिम और यवतमाल जैसे पड़ोसी जिलों में भी साफ रूप से महसूस किए गए।
घरों से बाहर भागे लोग
भूकंप के झटके लगते ही लोग घबराकर अपने घरों और इमारतों से बाहर खुले मैदानों की ओर भागने लगे। हिंगोली और नांदेड़ जिला प्रशासन ने तुरंत स्थिति का संज्ञान लिया है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, फिलहाल किसी के हताहत होने या किसी बड़े जानी नुकसान की सूचना नहीं मिली है। नागरिकों से शांति बनाए रखने और घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है।
भूकंप के दौरान क्या करें?
भूवैज्ञानिकों के मुताबिक, सतह के करीब आने वाले भूकंप अधिक खतरनाक माने जाते हैं क्योंकि उनमें ऊर्जा तेजी से निकलती है और कंपन ज्यादा महसूस होता है। गहराई वाले भूकंपों की तुलना में उथले भूकंपों का असर ज्यादा हो सकता है। यदि दोबारा झटके (Aftershocks) महसूस हों, तो तुरंत घर से बाहर निकलकर किसी खुले स्थान पर जाएं। यदि बाहर निकलना संभव न हो, तो किसी मजबूत मेज या पलंग के नीचे छिप जाएं और खिड़कियों व कांच के सामान से दूर रहें।
