शहर

Hathras: पत्रकार हत्याकांड मामले में पुलिस की बैक-टू-बैक मुठभेड़, 4 शूटरों को लगी गोली; अब तक 7 गिरफ्तार

Hathras News: हाथरस में यूट्यूब पत्रकार वेद प्रकाश शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ में चार आरोपी घायल हुए हैं और अब तक कुल सात गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

Image

मुठभेड़ के बाद हिरासत में आरोपी

Photo : Times Now Digital

Hathras News: हाथरस में सनसनीखेज यूट्यूब पत्रकार हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। 7 अप्रैल को सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के एक नाले में मिले पत्रकार वेद प्रकाश शर्मा उर्फ सोनू के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में चार मुख्य आरोपी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नाले में मिला था पत्रकार का शव

हाथरस के कोतवाली क्षेत्र के निवासी वेद प्रकाश शर्मा उर्फ सोनू, जो एक यूट्यूब पत्रकार होने के साथ प्रॉपर्टी का व्यवसाय भी करते थे, 7 अप्रैल को लापता पाए गए थे। बाद में उनका शव सहपऊ इलाके के एक नाले में बरामद हुआ, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंह ने एसओजी और सर्विलांस समेत पांच टीमों को खुलासे के लिए लगाया था।

पहली मुठभेड़: हनुमान चौकी के पास दो बदमाश ढेर

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्याकांड से जुड़े आरोपी अलीगढ़ की तरफ से सासनी की ओर आ रहे हैं। सासनी और हाथरस पुलिस ने जब हनुमान चौकी के पास घेराबंदी की, तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रुद्र पाठक और वंश दीक्षित पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने इनके पास से दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।

दूसरी मुठभेड़: पियूरा बम्बा के पास दो और आरोपी गिरफ्तार

शुक्रवार रात एक और मुठभेड़ थाना सहपऊ पुलिस और एसओजी टीम के बीच हुई। तामसी मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से आकाश और ललित घायल हो गए। इन दोनों आरोपियों के कब्जे से भी दो तमंचे और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि ये चारों आरोपी हत्याकांड की साजिश और उसे अंजाम देने में शामिल थे।

सात गिरफ्तार, मुख्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब तक इस मामले में कुल सात लोगों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। हालांकि, हत्याकांड के मुख्य आरोपी कमल और गौरव पुत्र कुल्लो पहलवान अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही वे भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article