शहर

Himachal Pradesh: हिमाचल में बारिश का कहर! 100 से ज्यादा सड़कें बंद, 8 जिलों में बाढ़ की चेतावनी

सोमवार को बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 707 सहित कुल 109 सड़कें बंद हो गई। मौसम विभाग ने मंगलवार तक चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन, कुल्लू और किन्नौर के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर की बाढ़ का खतरा होने की चेतावनी जारी की है-

Image

हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में सोमवार को बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 707 सहित कुल 109 सड़कें बंद हो गईं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने यह जानकारी दी। स्थानीय मौसम विभाग ने मंगलवार तक चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन, कुल्लू और किन्नौर के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर की बाढ़ का खतरा होने की चेतावनी दी है।इसके साथ मंगलवार तक राज्य के विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश, आंधी और गरज के साथ बारिश का ‘येलो’ अलर्ट भी जारी किया है।

इन जगहों पर बंद सड़कें

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, शिमला जिले के हाटकोटी और सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 707 के अवरुद्ध होने के अलावा, सिरमौर में 55 सड़कें, शिमला में 23, मंडी और कांगड़ा में 10-10, कुल्लू में नौ, लाहौल एवं स्पीति और ऊना जिलों में एक-एक सड़क बंद है। एसईओसी ने बताया कि राज्य में 427 बिजली आपूर्ति योजनाएं भी बाधित हुई हैं।

इस दौरान सिरमौर, बिलासपुर और मंडी जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई, जबकि रविवार शाम से पिछले 24 घंटों में राज्य के कई स्थानों पर मध्यम बारिश दर्ज की गई।

इन जगहों पर हुई इतनी बारिश

राज्य में सिरमौर जिले का नाहन सर्वाधिक बारिश वाला स्थान रहा जहां 143.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद नैना देवी में 130 मिमी, पच्छाद में 83 मिमी, पावंटा साहिब में 72.6 मिमी, धौलाकुआं में 66 मिमी, कटौला में 55.1 मिमी, सुंदरनगर में 46.2 मिमी, पंडोह में 34 मिमी, चंबा में 33 मिमी, भरमौर में 32 मिमी और पालमपुर में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश में 27 जून को मॉनसून के आगमन के बाद से अब तक वर्षा में 23 प्रतिशत की कमी आई है और राज्य में 623.9 मिमी औसत के मुकाबले 482.1 मिमी वर्षा हुई है।

11 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष वर्षाजनित घटनाओं में 151 लोग मारे गए हैं और राज्य को 1,265 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 12 राजस्व जिलों में से 11 में कम वर्षा दर्ज की गई तथा केवल शिमला जिले में 10 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई।

(इनपुट-भाषा)

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article