Noida crime news: ग्रेटर नोएडा के एक गांव में लापता दो साल की बच्ची का शव उसके पड़ोसी के घर में टंगे लैपटॉप बैग में मिलने से सनसनी मच गई। मासूम लड़की बीते दो दिनों से लापता थी। यह घटना देवला गांव की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पड़ोसी शव वाले बैग को अन्य कपड़ों के साथ अपने कमरे के दरवाजे के पीछे टांगा था। पुलिस का कहना है कि लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं, इसका पता करने में वह जुटी है। फरार आरोपी को पकड़ने में पुलिस की टीमें लगी हैं।
नोएडा में पड़ोसी ने की दो साल की बच्ची की हत्या।
आरोपी को पकड़ने के लिए 4 टीमें लगीं
मूल रूप से बलिया के रहने वाले आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें दबिश दे रही हैं। एक टीम आरोपी के गृह नगर भी भेजी गई है। लड़की के पिता मजदूर हैं। उन्होंने बताया कि उनकी लड़की शुक्रवार को दिन के करीब दो बजे लापता हो गई। उन्होंने बताया, 'मैं काम की वजह से घर से बाहर था और मेरी पत्नी घर का सामान खरीदने के लिए पड़ोस के एक दुकान गई थी। पत्नी के पीछे मेरी बेटी भी चली गई। मेरी पत्नी कुछ समय में घर लौट आई लेकिन मेरी बेटी का कुछ पता नहीं चला।'
बिना बताए कमरा छोड़कर चला गया आरोपी
मध्य नोएडा के डिप्टी पुलिस कमिश्नर राम बदन सिंह ने कहा कि परिवार ने लड़की की तलाश की और जब वह नहीं मिली तो वे रात 10 बजे पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार की शिकायत सूरजपुर पुलिस थाने में दर्ज हुई। दरअसल, आरोपी पड़ोसी पर परिवार को उस वक्त शक हुआ जब वह बिना किसी को कुछ बताए अपना कमरा छोड़कर चला गया। यही नहीं उसके कमरे से बदबू आने पर परिवार के लोग रविवार सुबह 10 बजे पुलिस के पास गए।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सिंह ने कहा, 'पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई और घर की तलाशी लेनी शुरू की। इसी दौरान दरवाजे के पीछे एक लैपटाप बैग मिला। बैग को खोलने पर उसमें बच्ची का शव दिखाई पड़ा। गर्मी की वजह से शव सड़ना शुरू हो चुका था। पीड़ित परिवार ने शव की शिनाख्त की।' पुलिस का मानना है कि लड़की की हत्या किसी कपड़े से गला दबाकर की गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया, 'लड़की के शरीर पर बाहरी जख्म नहीं मिले। हमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।'
