शहर

Heat Score: दिन में प्रचंड धूप और Heatwave, सूर्यास्त के बाद 'तंदूरी नाइट्स'

IMD के नए हीट मैप्स में उत्तर और मध्य भारत में प्रचंड गर्मी का व्यापक असर दिख रहा है। कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। दिन तो दिन, रातें भी तंदूरी नाइट्स बन चुकी हैं।

Image

दिन में प्रचंड गर्मी के बाद रातें भी भीषण गर्म

Heat Score: देशभर में अभी भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्से प्रचंड Heatwave की चपेट में हैं। भारत मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा हीट मैप्स और तापमान विश्लेषण से साफ संकेत मिलते हैं कि उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के बड़े हिस्से इस समय गंभीर हीटवेव की गिरफ्त में हैं। कल यानी बुधवार 27 और आज 28 मई 2026 के तापमान आंकड़ों के आधार पर जारी इन मैप्स में राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया गया है।

IMD के अधिकतम तापमान (Max Temp) वाले मैप में राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान 44 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच दिखाई दे रहा है, जो पहुत ज्यादा है। सबसे अधिक गर्मी राजस्थान और उससे सटे इलाकों में दर्ज की गई, जहां गहरे लाल और भूरे रंग ने अत्यधिक तापमान को दर्शाया। श्रीगंगानगर में कल सबसे ज्यादा 48.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

दिन ढलने के बाद 'तंदूरी नाइट्स'

सूर्यास्त के बाद तापमान में गिरावट आनी चाहिए। लेकिन न्यूनतम तापमान (Min Temp) के आंकड़े भी राहत देने वाले नहीं हैं। हालात ऐसे हैं कि देर रात भी जमीन से आग सी निकल रही है और ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे तंदर में सिर दे दिया हो। कई शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही।

Western Disturbance नहीं तो प्रचंड गर्मी भी बढ़ी

आईएमडी के ‘मीन टेम्परेचर’ यानी औसत तापमान मैप में भी उत्तर और मध्य भारत में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज हुआ है। इसका मतलब है कि दिन और रात दोनों समय गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार बढ़ती गर्मी का प्रमुख कारण पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की कमी, साफ आसमान और शुष्क हवाएं हैं।

Heatscore Map 27th May

कल की गर्मी का हीटस्कोर

4-8 डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान

जारी किए गए ‘टेम्परेचर एनोमली’ मैप्स में कई राज्यों में तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। खासकर राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिला है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह स्थिति गंभीर हीटवेव की श्रेणी में आती है।

यहां तापमान सामान्य या उससे नीचे

हालांकि, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की बारिश और बादलों के कारण तापमान अपेक्षाकृत कम बना हुआ है। केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत के कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी की लहर जारी रहने की चेतावनी दी है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हीटस्ट्रोक से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। जानकारों का कहना है कि अगर जल्द प्री-मानसून गतिविधियां शुरू नहीं हुईं, तो आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और अधिक बढ़ सकता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article