Hathras Snake Bite News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घर में कपड़ों की सफाई के लिए रखी वॉशिंग मशीन (Snake In Washing Machine) के भीतर मौत का फंदा छिपा बैठा था। सासनी कोतवाली क्षेत्र के राघनियां गांव में रहने वाली 42 वर्षीय श्वेता उपाध्याय के घर में जब वॉशिंग मशीन के अंदर एक जहरीला सांप दिखाई दिया, तो घर में हड़कंप मच गया।
वॉशिंग मशीन से निकला जहरीला सांप
श्वेता ने डरने के बजाय समझदारी दिखाई और सांप को बाहर निकालने के लिए अपने पड़ोस में रहने वाले युवक संत कुमार को मदद के लिए बुला लिया। दोनों मिलकर सांप को काबू में करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तभी जहरीले सांप ने अचानक हमला बोल दिया। सांप ने सबसे पहले श्वेता के पैर में जोर से डस लिया। पड़ोसी संत कुमार ने जैसे ही श्वेता को बचाने और सांप को पकड़ने का प्रयास किया, सांप ने फुर्ती दिखाते हुए उनके हाथ को भी अपना शिकार बना लिया।
सांप को मार डाला, फिर लेकर पहुंचे अस्पताल
सांप के काटते ही दोनों दर्द से चीख पड़े, जिसकी आवाज सुनकर परिवार के बाकी लोग भी वहां दौड़कर आए। गुस्से और दहशत में आए परिजनों ने दोनों घायलों की मदद से सांप को घेर लिया और उसे लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौके पर ही मार डाला। इसके बाद जो हुआ, उसने सबको चौंका दिया।
परिजन दोनों घायलों को इलाज के लिए तुरंत जिला अस्पताल लेकर भागे, लेकिन वे अपने साथ उस मरे हुए सांप को भी एक थैले में रख ले गए। उनका सोचना था कि सांप को देखकर डॉक्टर सही एंटी-वेनम (जहर की दवा) दे सकेंगे। जैसे ही वे अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को मरा हुआ सांप दिखाया, वहां मौजूद कंपाउंडर और नर्सों में अफरा-तफरी मच गई।
समय पर मिला इलाज
हालांकि, डॉक्टरों ने तुरंत स्थिति को संभाला और दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें वॉर्ड में भर्ती कर लिया। बाद में अस्पताल कर्मियों ने राहत की सांस लेते हुए उस मरे हुए सांप को पास के नाले में फिंकवा दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर इलाज मिलने के कारण दोनों की हालत अब स्थिर है।
