Hardoi Bribery Case: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई की है। शाहाबाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (EO) कृष्ण कुमार सोनकर को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उन्होंने एक ठेकेदार के बकाया बिलों का भुगतान जारी करने के लिए कमीशन मांगी थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
सांकेतिक फोटो
बिल पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप
सतर्कता विभाग के अनुसार, हरदोई के सदर बाजार खजांची टोला निवासी सुदेश कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता की फर्म लक्ष्मी इलेक्ट्रिकल्स पिछले कई वर्षों से शाहाबाद नगर पालिका में बिजली आपूर्ति और रखरखाव का काम कर रही है। फर्म के पिछले कार्यों के बिलों का भुगतान लंबे समय से बकाया था। आरोप है कि इन बिलों को पास करने और भुगतान जारी करने के एवज में ईओ कृष्ण कुमार सोनकर ने दो लाख रुपये कमीशन मांगा था। ईओ ने धमकी दी थी कि रिश्वत न देने पर बकाया भुगतान नहीं होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Prayagraj News: प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या
ठेकेदार की शिकायत पर विजिलेंस का ट्रैप सफल
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान लखनऊ सेक्टर को लिखित शिकायत दी। गोपनीय जांच में शिकायत सही पाए जाने पर सोमवार को विजिलेंस की ट्रैप टीम ने शाहाबाद में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने ईओ को दो लाख रुपये नकद दिए, टीम ने उन्हें मौके पर दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी ईओ को हिरासत में लेकर लखनऊ पहुंची। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में सतर्कता अधिष्ठान थाना, लखनऊ सेक्टर में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
