Hapur Accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां धौलाना-गुलावठी मार्ग पर एक बस और ट्रक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में 6 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बस में सवार लोग एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे।
राहत और बचाव कार्य में लगी पुलिस और दमकल विभाग की टीम (ANI)
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
पुलिस के अनुसार, यात्रियों से भरी एक बस विवाह समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रही थी। धौलाना-गुलावठी मार्ग पर बस की टक्कर एक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। बस में कुल 12 लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस अधीक्षक (SP) ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया। दुर्भाग्य से, 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं जिनका उपचार जारी है।
कानूनी कार्रवाई और जांच जारी
हादसे के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया था, जिसे ट्रक हटाने के बाद अब सामान्य कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए हैं और शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मृतकों में से एक व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिसके बारे में पुलिस का अनुमान है कि वह बस का चालक हो सकता है।
ग्रेटर नोएडा में स्कूली बसों की भिड़ंत
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सोमवार सुबह दादरी थाना क्षेत्र के रूपवास गांव के पास दो स्कूली बसों की भीषण टक्कर हुई, जिसमें एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। सुबह करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने दूसरी स्कूल बस को टक्कर मार दी, जिससे बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाली बस रामयज्ञ स्कूल की थी, जबकि घायल बच्चे जीजस एंड मैरी स्कूल के छात्र हैं। हादसे में बस चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
