Gurugram News: गुरुग्राम में शिक्षा विभाग की छापेमारी में धोखाधड़ी का एक हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। अधिकारी जब जांच के लिए एक सरकारी स्कूल पहुंचे तो उस स्कूल में कार्यरत एक शिक्षक की जगह पर एक दूसरी महिला टीचर बच्चों को पढ़ाते मिली। उस महिला के पास छात्रों को पढ़ाने के लिए जरूरी योग्यता तक नहीं थी, वहीं शिक्षक खुद ड्यूटी से नदारद मिला। जिसके बाद हुई पूछताछ में शिक्षक की धोखाधड़ी का ऐसा खुलासा हुआ कि अधिकारी खुद हैरान रह गए।
गुरुग्राम में सरकारी टीचर की धोखाधड़ी का हैरान करने वाला खुलासा। (सांकेतिक फोटो)
शिक्षक की तरफ से प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर धोखाधड़ी करने का यह मामला सेक्टर-54 की एक कॉलोनी में स्थित मॉडल संस्कृति प्राथमिक स्कूल का है। शिक्षा विभाग के अनुसार, शिकायत मिली थी कि, इस स्कूल में कार्यरत शिक्षक विपिन मलिक अपनी जगह पर दूसरे टीचर को रखकर बच्चों की पढ़ाई करवाता है और खुद ड्यूटी से गायब रहता है। जिसके बाद जांच के लिए जब टीम स्कूल पहुंची तो वहां पर शिक्षक की जगह पर एक अयोग्य महिला छात्रों को पढ़ाती मिली। जिसके बाद पुलिस बुलाकर स्कूल के प्रधानाध्यापक और महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, आरोपी शिक्षक फरार है।
खुद करता है प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबार, महिला को देता है 8 हजार सैलरी
धोखाधड़ी के इस मामले में शिक्षा विभाग की तरफ से सेक्टर 53 थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। जिसमें जांच के हवाले से बताया गया है कि, आरोपित शिक्षक हर रोज सुबह स्कूल आता और अपनी उपस्थिति दर्ज करा वहां से चला जाता। यह शिक्षक दिनभर प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबार करता और उसकी जगह पर गिरफ्तार महिला बच्चों को पढ़ाती थी। इसके बदले आरोपी उसे महिला को 8,000 रुपये प्रति माह की सैलरी देता था।
यह पूरी धोखाधड़ी प्रधानाध्यापक की शह पर हो रही थी। इसलिए दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। सेक्टर-53 थाने के एसएचओ देवेंद्र कुमार ने कहा कि, मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मुख्य आरोपित शिक्षक को पकड़ने के लिए छापेमारी का दौर जारी है।
