Haryanvi Model Sheetal Murder Case: हरियाणवी मॉडल शीतल की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 24 वर्षीय शीतल की चाकू से हत्या करने के आरोप में सीआईए वन पुलिस टीम ने सोमवार शाम को इसराना निवासी सुनील को हिरासत में लिया। शीतल के परिवार ने 15 जून को थाना मतलौडा में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
हरियाणवी मॉडल शीतल मर्डर केस
सोमवार सुबह सोनीपत के खरखौदा के पास नहर में शीतल का शव बरामद हुआ। सीआईए वन प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर संदीप के अनुसार, 15 जून को पानीपत के सतकरतार कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी बहन शीतल, जो हरियाणवी एल्बमों में मॉडलिंग करती थी, 14 मई को शूटिंग के लिए अहर गांव गई थी और वापस नहीं लौटी। परिवार ने उसकी खुद तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसके बाद इस गंभीर अपराध का खुलासा हुआ।
सोनीपत पुलिस को सोमवार सुबह खरखौदा क्षेत्र के पास नहर में एक महिला का शव मिला, जिसकी पहचान 24 वर्षीय शीतल के रूप में हुई। शव का पोस्टमार्टम पीजीआई खानपुर में कराया गया और उसे परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और देर शाम आरोपी सुनील, जो इसराना का निवासी है, को पार्क अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने हरियाणवी मॉडल शीतल की चाकू से हत्या की। पुलिस से बचने के लिए उसने गाड़ी नहर में गिराने का नाटक भी किया। प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने जानकारी दी कि मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस उससे गहन पूछताछ करेगी और वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू की बरामदगी का प्रयास करेगी।
