Gurugram: गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देश के बाद गुरुग्राम नगर निगम गृहकर के बिलों में सुधार करने जा रहा है। निगम द्वारा लगने वाले इस शिविर में बिलों से संबंधित सभी समस्याओं का निवारण किया जाएगा। यह विशेष शिविर अगले तीन दिन तक अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होगा। इसमें गृहकर से संबंधित सभी समस्याओं की सुनवाई सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक की जाएगी। यह जानकारी देते हुए नगर निगम ने नागरिकों से इस शिविर का लाभ लेने की भी अपील की है।
गृहकर के बिलों में सुधार के लिए तीन दिन शिविर (प्रतीकात्मक तस्वीर)
नगर निगम के जोनल टैक्सेशन ऑफिसर गुलशन सलूजा ने बताया कि, ये विशेष शिविर तीन दिनों अलग-जगहों पर आयोजित होगा। पहली शिविर कल यानी 27 जनवरी को निर्वाणा सोसायटी के मैंटीनेंस कार्यालय में सुबह 10 बजे से आयोजित होगी। वहीं, 28 जनवरी के शिविार का आयोजन डीएलएफ फेज-1 के सामुदायिक केंद्र में होगा। इसी तरह से 29 जनवरी को यह विशेष शिविर नगर निगम के पुराने ऑफिस में आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इन शिविरों में प्राप्त दावे-आपत्तियों का निपटारा मौके पर ही एनडीसी एडमिन द्वारा कर दिया जाएगा। जोनल टैक्सेशन ऑफिसर ने कहा कि, प्रॉपर्टी मालिकों के लिए ये शिविर काफी फायदेमंद होने वाले हैं। नागरिक इन तीनों दिनों में किसी भी जोन से संबंधित अपने दावे-आपत्तियों का निपटारा करा सकते हैं।
