Gurugram: हरियाणा सरकार से गुरुग्राम को बहुत बड़ी सौगात मिली है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) शहर में नजफगढ़ ड्रेन के साथ लगती 97 एकड़ जमीन पर झील बनाकर इसे टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विकसित करेगा। जीएमडीए द्वारा यह कवायद यहां के करीब ढाई हजार एकड़ जलमग्न कृषि भूमि को बचाने के लिए की जा रही है। इस झील के बनने से यह जगह जहां गुरुग्राम में नए टूरिस्ट स्पॉट के रूप विकसित होगी, वहीं आसपास गांव वालों की जमीन भी बचेगी। अधिकारियों का दावा है कि, इस झील को विदेशी पक्षियों को ध्यान में रखकर डेवलप किया जाएगा। इस योजना को सीएम मनोहर लाल ने इस सप्ताह हुए जीएमडीए की वार्षिक बैठक में मंजूरी दे दी है। अब जल्द ही इस योजना को अमलीजामा पहनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जीएमडीए की बैठक करते सीएम मनोहर लाल
बता दें कि, बारिश के दिनों में नजफगढ़ ड्रेन ओवरफ्लो हो जाता है। जिसकी वजह से गांव धर्मपुर, खेडकी माजरा और मोकलवास समेत अन्य इलाके की करीब ढाई हजार एकड़ कृषि भूमि पूरी तरह से जलमग्न हो जाती है। इसकी वजह से करोड़ों रुपये की फसल भी बरबाद होती है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए गांव के लोग कई बार राज्य सरकार से अपील कर चुके हैं, लेकिन अब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया था। हालांकि अब मुख्यमंत्री ने यहां पर 97 एकड़ में बड़ी झील बनाकर ओवरफ्लो होकर आने वाले पानी को स्टोर करने और इस जगह को टूरिस्ट स्पॉट के तौर पर विकसित करने की मंजूरी दे दी है।
