Gurugram: गुरुग्राम शहर में लोकल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन को साइबर सिटी से कनेक्ट करने के लिए 28.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो कॉरिडोर परियोजना पर निर्माण कार्य नए साल से शुरू हो जाएगा। इस परियोजना पर काम शुरू करने के लिए सार्वजनिक निवेश बोर्ड की तरफ से अनुमति मिल गई है। यह जानकारी देते हुए हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने बताया कि, इस मेट्रो कॉरिडोर पर नए साल से कार्य शुरू हो जाएगा। हालांकि अभी तक इसका समय निर्धारण नहीं हुआ है, लेकिन उम्मीद है कि मार्च में बजट मिलने के बाद निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए जाएंगे।
गुरुग्राम के इस मेट्रो कॉरिडोर को मिली मंजूरी
इस मेट्रो कॉरिडोर के बन जाने के बाद गुरुग्राम और आसपास के लाखों लोगों को फायदा मिलेगा। मुख्य सचिव ने बताया कि यह कॉरिडोर पूरे गुरुग्राम शहर को कवर करेगी। इससे लोगों को पर्यावरण के अनुकूल और अधिक तेज परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे शहर के लोगों को इंटरनेशनल लेवल की कनेक्टिविटी मिल सकेगी। मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ एचएमआरटीसी के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए बताया कि, इस योजना पर बेहद तेजी से काम किया जा रहा है। मेट्रो रेल परियोजनाओं पर अंतर-मंत्रालयी परामर्श और सार्वजनिक निवेश बोर्ड जैसे सभी प्रोसेस पूरे हो चुके हैं।
