Gurugram: साइबर सिटी गुरुग्राम में एक कंपनी के एचआर हेड को जान से मारने की धमकी देकर 26 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद पीड़ित द्वारा तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसके बाद पुलिस की कई टीमों को जांच के लिए लगाया गया। जांच करते हुए क्राइम ब्रांच की सेक्टर-17 टीम ने धमकी देने वाले आरोपित की पहचान की और उसे शनिवार रात को उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान कासन गांव के रहने वाले पंकज के तौर पर हुई है। पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपित ने एचआर मैनेजर को बीते चार दिसंबर को फोन कर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपियों ने एचआर को धमकाते हुए कहा था कि, उसे जान से मारने के लिए किसी ने 26 लाख रुपये की सुपारी दी है, अगर बचना है तो इतने रुपये दे दो। बाद में आरोपी ने दोबारा फोन कर बोला कि, अगर तू बचना चाहता है तो 12 लाख रुपये तुरंत दे दे, नहीं तो तुझे मारने के अलावा तेरी बेटी का भी अपहरण कर लूंगा। इस दौरान आरोपी ने अपना नाम इमरान बताया था। इस धमकी से डरे एचआर हेड ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी।
