Gurugram News: साइबर सिटी गुरुग्राम में ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शातिर ठग ने सीआईएसएफ ऑफिसर बनकर एक फौजी के साथ हजारों की ठगी की है। आरोपी ने यह ठगी पीड़ित फौजी का फ्लैट किराए पर चढ़ाने के नाम पर की। इस संबंध में शिकायत के आधार पर मानेसर साइबर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित फौजी ने बताया कि, वे बॉर्डर पर तैनात हैं और सेक्टर-47 में स्थित अपने फ्लैट को किराए पर चढ़ाना चाहते थे।
सीआईएसएफ ऑफिसर बन फौजी से साइबर ठगी (प्रतीकात्मक तस्वीर)
शिकायतकर्ता ने बताया कि, फ्लैट को किराए पर उठाने के लिए उन्होंने ऑनलाइन एक विज्ञापन दिया था। एक दिन बाद ही एक व्यक्ति का उसके पास फोन आया और उसने खुद को सीआईएसएफ का अधिकारी बताते हुए कहा कि, वह अभी अहमदाबाद में तैनात है और उसका ट्रांसफर दिल्ली में हो गया है। वह वहां पर अपने परिवार के लिए किराए पर फ्लैट लेना चाह रहा है। दोनों के बीच बातचीत के बाद फ्लैट का 25 हजार रुपये प्रतिमाह किराया तय हो गया।
