Gurugram Crime News: गुरुग्राम में अज्ञात हमलावरों ने एक 42 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। परिजनों के मुताबिक, घटना के वक्त मृतक अपने घर में सो रहा था। अचानक आए बदमाशों ने सोते समय प्राॅपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर उसकी हत्या कर दी। घटना सेक्टर 22 की है। इधर, प्राॅपर्टी डीलर की हत्या से गुस्साए परिजनों ने पुलिस को उसका शव देने से मना कर दिया। वहीं थाने में हत्या का मामला भी दर्ज नहीं करवाया।
गुरुग्राम में अज्ञात हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े रहे। कड़ी मशक्कत के बाद भी पुलिस मृतक के परिजनों को समझाने में नाकाम रही। बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, हत्यारों की तलाश की जा रही है। पुलिस की कई टीमें बदमाशों को पकड़ने में जुटी है। वहीं घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा हैं।
तड़के दो बजे बरसाई प्राॅपर्टी डीलर पर गोलियां
डीसीपी दीपक सहारण के मुताबिक, गांव डूंडाहेड़ा के रहने वाले प्राॅपर्टी डीलर धर्मेश यादव गुरुग्राम के सेक्टर 22 स्थित खुद के निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे। इस दौरान मध्यरात्रि को करीब दो बजे हथियारों से लैस होकर आए दो बदमाशों ने सोते वक्त उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। डीसीपी सहारण के मुताबिक, उसी इमारत में सो रहे एक कर्मचारी ने घटना की जानकारी मृतक के परिवार को दी। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। इस बीच मृतक के शव को पुलिस की टीम ने कब्जे में लेना चाहा तो परिजनों ने शव देने से इनकार कर दिया। डीसीपी के मुताबिक, परिजन पहले हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। अब आगे की कार्रवाई की जा रही है। हत्यारों की तलाश जारी है।
