देशभर से हर साल नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के धाम कटरा पहुंचते हैं। आप सड़क मार्ग से भी कटरा पहुंच सकते हैं और देश के कई हिस्सों से यहां तक ट्रेन की भी व्यवस्था है। इसके अलावा आप चाहें तो जम्मू तक हवाई सफर करके भी आ सकते हैं। हवाई और रेल यातायात के उलट सड़क मार्ग से कटरा आना थोड़ा कठिन और थकाऊ है। लेकिन अब देश की राजधानी दिल्ली से कटरा तक एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। इस एक्सप्रेसवे का नाम दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे (Delhi-Katra Expressway) रखा गया है। दिल्ली से कटरा तक जाने वाले इस एक्सप्रेसवे का एक स्पर अमृतसर को भी जोड़ता है, जिसका इस्तेमाल करके श्रद्धालु अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने पहुंच सकते हैं।
दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा सेक्शन की प्रोग्रेस रिपोर्ट (फोटो - Detox Traveller)
इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूरा होने का लोगों को बड़ी ही बेसब्री से इंतजार है। लगभग साढ़े पांच सौ किमी लंबा नेशनल एक्सप्रेसवे नंबर 5 यानी दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर राज्यों से होकर गुजरता है। इसका कुल 135 किलोमीटर लंबा हिस्सा हरियाणा में बनाया जा रहा है। तो चलिए जानते हैं हरियाणा के इस 135 किमी हिस्से में दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे का कितना काम हो चुका है और कितना अभी बचा हुआ है।
दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे का हरियाणा सेक्शन (फोटो - Detox Traveller)
दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के नाम में दिल्ली जरूर है, लेकिन इसकी शुरुआत हरियाणा के झज्झर जिले में ईस्टर्न पेरिफरल-वे से होती है। यहां शुरुआत में ही इस एक्सप्रेसवे पर डबल ट्रम्पेड इंटरचेंज बनाया गया है। भविष्य में इसे UER-2 से जोड़ा जा सकता है, जिससे यह एक्सप्रेसवे दिल्ली से जुड़ जाएगा। झज्झर में जहां से इस एक्सप्रेसवे की शुरुआत होती है, वहां से कटरा की दूरी 566 किमी है। यहां से आगे बढ़ने पर रोहतक जिले में हसनगढ़ के पास दूसरा इंटरचेंज बनाया गया है, जिसे मेरठ-झज्झर रोड के साथ में बनाया गया है। इस इंटरचेंज से चार किमी की दूरी पर टोल प्लाजा बनाया गया है। टोल प्लाजा से करीब साढ़े तीन किमी आगे जाने पर इस एक्सप्रेसवे का पहला रेस्ट एंड सर्विस एरिया बनाया जाएगा। हालांकि, अभी यहां पर दोनों तरफ किसी तरह का कार्य नहीं किया गया है। एक्सप्रेसवे का तीसरा इंटरचेंज रोहतक जिले में ही खरखौदा-रोहतक रोड़ पर हुमायूंपुर के पास है।
एक्सप्रेसवे का दूसरा रेस्ट एंड सर्विस एरिया सोनीपत जिले में रुखी पाना गांव के पास किलोमीटर 32.5 पर है। यहां पर भी अभी दोनों तरफ किसी तरह का काम नहीं हुआ है। यहां से 3 किमी से कुछ ही दूरी पर यानी किलोमीटर 35.8 पर चौथा इंटरचेंज बनाया गया है। जिसे पानीपत-रोहतक हाईवे के साथ में बनाया गया है, यहां पर डबल ट्रम्पेड टरचेंज बनाया गया है। दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर पांचवां इंटरचेंज नेशनल हाईवे 352ए के गोहाना-जींद सेक्शन के साथ किलोमीटर 57 पर बनाया गया है। यहां पर भी डबल ट्रम्पेड इंटरचेंड बनाया गया है। इस इंटरचेंज से करीब डेढ़ किमी आगे एक्सप्रेसवे का तीसरा रेस्ट एंड सर्विस एरिया आएगा, लेकिन यहां भी अभी तक किसी तरह का कार्य शुरू नहीं हुआ है।
दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे का हरियाणा सेक्शन 135 किमी लंबा है (फोटो - Detox Traveller)
दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे का छठा इंटरचेंज जींद जिले में ट्रांस हरियाणा एक्सप्रेसवे के साथ में किलोमीटर 78.3 पर बनिया खेड़ा गांव के पास बनाया गया है। इंटरचेंज से 4 किमी आगे जाने पर एक्सप्रेसवे का चौथा रेस्ट एंड सर्विस एरिया है। यहां दोनों तरफ पेट्रोल पंप का काम शुरू हो चुका है। सातवां इंटरचेंज जींद जिले में ही अलेवा गांव के पास किलोमीटर 87 पर करनाल-जींद रोड के साथ बनाया गया है, जो डायमंड स्टाइल का है।
कैथल जिले में किलोमीटर 101 पर पांचवां रेस्ट एंड सर्विस एरिया आएगा। यहां भी एक्सप्रेसवे के एक तरफ काम चल रहा है, लेकिन दूसरी तरफ किसी तरह की हलचल अभी नहीं है। यहां से करीब 16 किमी आगे हरियाणा सेक्शन का आखिरी इंटरचेंज आएगा। यह इंटरचेंज किलोमीटर 117 पर कलायत गांव के पास अंबाला-नरवाना हाईवे पर बनाया गया है।
अभी एक भी रेस्ट एंड सर्विस एरिया तैयार नहीं हुआ है (फोटो - Detox Traveller)
जैसा कि हमने आपको ऊपर बताया कि दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे का 135 किमी हिस्सा हरियाणा में आता है। बता दें कि इसमें से कुल 117 किमी हिस्से में, जिसकी हमने ऊपर बात की वह चालू है। इस हिस्से को पब्लिक की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। सभी इंटरचेंज पर एंट्री व एग्जिट पर टोल प्लाजा बनाए गए हैं। एक्सप्रेसवे के हरियाणा सेक्शन के सिर्फ 17 किमी हिस्से पर ही काम बचा है, जिसके जल्द पूरा होने की उम्मीद है। बता दें कि दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे हरियाणा के झज्झर, रोहतक, सोनीपत, जींद और कैथल जिलों से होकर गुजरता है। जो 117 किमी हिस्सा आम जनता के लिए खोला गया है, वह काफी अच्छा नजर आ रहा है, लेकिन एक भी रेस्ट एंड सर्विस एरिया तैयार न होने से निराश जरूर होना पड़ेगा।
यह पूरा आर्टिकल Detox Traveller के यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो के आधार पर लिखा गया है, इस वीडियो को 22 अगस्त 2025 को शूट किया गया था। अपनी खबर के लिए अपनी हमने Detox Traveller के फोटोज का साभार इस्तेमाल किया है।
