Gurugram: गुरुग्राम को एक और मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने वाली है। हरियाणा सरकार ने राजीव चौक से पंचगांव तक 35 किमी के मेट्रो कॉरिडोर को मंजूरी दी है। मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (एमआरटीएस) के इस कॉरिडोर पर कुल 20 स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मिलकर गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी को डबल डेकर बनाने की परियोजना पर भी विचार किया जा रहा है। इस संबंध में हरियाणा के मुख्य सचिव और एचएमआरटीसी के अध्यक्ष संजीव कौशल ने चंडीगढ़ में निदेशक मंडल के साथ बैठक की। इस बैठक में यह भी फैसला किया गया कि हुडा सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक 28.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो कॉरिडोर को अब पीएम गति शक्ति परियोजना (पीआईबी) में शामिल किया जाएगा। इसे अब अंतिम मंजूरी के लिए आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) के पास भेजा गया है।
गुरुग्राम मेट्रो
इस बैठक में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि, गुरुग्राम मेट्रो लगातार प्रगति कर रहा है। गुरुग्राम मेट्रो को वित्त वर्ष 2021-22 में जहां 6.78 करोड़ का लाभ हुआ था, वहीं इस वित्त वर्ष के 10 महीनों में ही मेट्रो के लाभ में 405 प्रतिशत का इजाफा हुआ। वित्त वर्ष 2022-23 के जनवरी तक मेट्रो को कुल 34.24 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। इसके साथ ही गुरुग्राम मेट्रो में सवारियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। पिछले वर्ष गुरुग्राम मेट्रो में प्रतिदिन 8500 यात्री सफर करते थे। वहीं, इस वित्त वर्ष में यात्रियों की यह संख्या 42000 प्रतिदिन तक पहुंच गई है। मेट्रो के राजस्व और यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए एक समिति के गठन का निर्देश भी दिया गया है।
