Haryana Train Accident: हरियाणा के करनाल में मंगलावर को बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। जिले के नीलोखेड़ी में एक पैसेंजर ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं। अभी तक घटना की वजह सामने नहीं है। इसको लेकर रेलवे की तकनीकी टीम जांच कर रही है। इस घटना के बाद प्रभावित रेलवे लाइन पर जल्द ही यातायात को बहाल कर दिया गया।
सांकेतिक फोटो
ट्रेन के चौथे कोच का पहिया पटरी से उतरा
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने करनाल से फोन पर बताया कि जब यह ट्रेन कुरूक्षेत्र से दिल्ली जा रही थी, इसी दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है। जीआरपी अधिकारी ने बताया, ‘‘ ट्रेन नीलोखेड़ी रेलवे स्टेशन पर रूकने के बाद मुश्किल से 100 मीटर ही आगे बढ़ी थी, तो पीछे के चौथे डिब्बे का एक पहिया पटरी से उतर गया। ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया।’’
तकनीकी समस्या के कारण हादसा होने की आशंका
जब अधिकारी से पूछा गया कि इसका क्या कारण हो सकता है तो उन्होंने कहा, ‘‘यह एक तकनीकी समस्या हो सकती है। रेलवे की तकनीकी टीम जांच के बाद सही कारण बता पाएगी।’’ उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद प्रभावित लाइन पर रेल यातायात पर असर पड़ा लेकिन शीघ्र ही इसे (यातायात को) बहाल कर लिया गया।
(इनपुट - भाषा)
