गुरुग्राम की सड़क बनी ‘सिंकहोल’, IFFCO चौक पर अचानक धंसी एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड; ट्रैफिक प्रभावित

गुरुग्राम के IFFCO चौक पर दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड धंसने से करीब 10 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया। ट्रैफिक पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की है। GMDA पानी निकाल रहा है और सीवर लाइन की मरम्मत के बाद सड़क दुरुस्त की जाएगी।

गुरुग्राम के IFFCO चौक पर मंगलवार को दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड का एक हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क धंसने से करीब 10 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया, जिसके बाद एहतियात के तौर पर पुलिस ने प्रभावित हिस्से को बैरिकेड कर दिया। इस घटना से यू-टर्न फ्लाईओवर की ओर जाने वाले यातायात पर असर पड़ा। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि GMDA अभी गड्ढे में जमा पानी को बाहर निकालने का काम कर रहा है। सीवर लाइन की मरम्मत के बाद ही सड़क की मरम्मत का काम शुरू होने की उम्मीद है। ऐहतियातन ट्रैफिक पुलिस ने उस इलाके की घेराबंदी कर दी है।

IFFCO Chowk sinkhole

दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड धंसी

सीवर लाइन में रिसाव की संभावना

शुरुआती जांच में सड़क के नीचे से गुजर रही सीवर लाइन में संभावित रिसाव की बात सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, रिसाव या पाइपलाइन में किसी तरह की क्षति के कारण मिट्टी का कटाव हुआ होगा और सड़क के नीचे खाली जगह बनने से यह हिस्सा धंस गया। NHAI के अनुसार, प्रभावित हिस्से के नीचे GMDA की मास्टर सीवर लाइन गुजर रही है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद ही सड़क धंसने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। प्रभावित इलाके में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं और सीवर लाइन की स्थिति की जांच की जा रही है।

End of Feed