Gujarat News: गुजराती गायिका किंजल रबारी के कथित अपहरण की सूचना के बाद मामले में नया मोड़ सामने आया है। उनके पति मुकेश देसाई ने अहमदाबाद पुलिस को फोन कर आरोप लगाया था कि अज्ञात लोग किंजल का कार में अपहरण कर ले गए हैं। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में CCTV फुटेज में किंजल खुद एक कार में बैठती हुई दिखाई दीं। मुकेश देसाई के मुताबिक, वह और किंजल चांदखेड़ा स्थित CBD मॉल में फिल्म देखने गए थे। मॉल से बाहर निकलने के दौरान दो कारों में आए अज्ञात लोगों द्वारा किंजल को ले जाने का आरोप लगाया गया। सूचना मिलने के बाद चांदखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज की जांच की। चांदखेड़ा पुलिस स्टेशन के PI जयेश मकवाणा के मुताबिक, फुटेज में किंजल खुद कार में बैठकर जाती हुई दिखाई दे रही हैं। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि किंजल का अपहरण हुआ था या वह अपनी इच्छा से गई थीं। इस मामले में उनके पति और अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
गुजराती गायिका किंजल रबारी के अपहरण की कहानी में नया मोड़
किंजल रबारी ने वीडियो जारी कर अपहरण से इनकार किया
वहीं, किंजल रबारी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपने अपहरण से इनकार किया है। वीडियो में उन्होंने खुद को अशोककुमार वलाभाई चौधरी की पत्नी बताते हुए कहा कि दोनों ने 2 मई 2024 को शादी की थी। किंजल के मुताबिक, उन्होंने अपने परिवार को शादी के लिए मनाने की कोशिश की थी, लेकिन परिवार के नहीं मानने पर उन्होंने खुद अपने पति को फोन कर बुलाया और 10 मार्च 2026 को अपनी इच्छा से उनके साथ चली गई थीं।
पति के साथ मारपीट कर उन्हें जबरन मायके ले जाया गया
किंजल ने वीडियो में आरोप लगाया कि इसके बाद उनके पति के साथ मारपीट कर उन्हें जबरन मायके ले जाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके मायके वालों ने उन्हें राधनपुर कोर्ट में तलाक की अर्जी देने के लिए मजबूर किया और घर में रोककर रखा। उन्होंने आगे दावा किया कि बाद में उन्हें किसी अन्य पुरुष के साथ भेज दिया गया, जहां उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हुआ। किंजल ने कहा कि अपने पति से संपर्क करने के बाद वह 6 सितंबर 2026 को अपनी इच्छा से उनके साथ आई हैं और फिलहाल सुरक्षित हैं। उन्होंने लोगों से उनके नाम पर कोई गलत केस या शिकायत दर्ज नहीं कराने की अपील भी की।
कौन हैं किंजल रबारी?
किंजल रबारी राधनपुर के सिनाड गांव की रहने वाली हैं। सरकारी स्कूल में पढ़ाई के दौरान शिक्षकों के प्रोत्साहन से उन्होंने गायकी के क्षेत्र में कदम रखा। वह गुजरात में लोकगीतों व विवाह गीतों के जरिए लोकप्रिय हुईं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। CCTV फुटेज, किंजल के बयान और उनके पति समेत अन्य लोगों के बयानों के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जा रही है।
