Gay Dating App Honeytrap Gujarat: गुजरात के सुरेंद्रनगर में 'पोलो' नामक गे डेटिंग ऐप के जरिए हनीट्रैप और जबरन वसूली करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सुरेंद्रनगर सिटी ए-डिवीजन पुलिस और सर्विलांस टीम ने पीड़ित युवक की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, मामला दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से कई का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले भी शराबबंदी, जुआ तथा मारपीट जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं।
गे डेटिंग ऐप के जरिए हनीट्रैप का जाल, 7 आरोपी गिरफ्तार (Times Now Navbharat Reporter)
बंधक बनाकर बेल्ट से पीटा, फिर की उगाही
शिकायत के मुताबिक, पीड़ित युवक की दोस्ती डेटिंग ऐप के माध्यम से एक आरोपी से हुई थी। कई दिनों की बातचीत के बाद आरोपी ने युवक को सुरेंद्रनगर स्थित टीबी अस्पताल के पास मिलने बुलाया और वहां से बाइक पर बैठाकर अस्पताल के पीछे एक सुनसान कमरे में ले गया। जैसे ही दोनों कमरे में पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे पांच अन्य लोग अचानक अंदर घुस आए। आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर जबरन उसके कपड़े उतरवाए और उसकी ही बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने और उसकी नग्न तस्वीरें व चैट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पत्नी के हौसले से सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
इस खौफनाक धमकी से डरे युवक ने लोक-लाज के डर से अपने रिश्तेदारों और परिचितों से तुरंत पैसों का इंतजाम कराया। आरोपियों ने पीड़ित से ₹8,000 नकद छीन लिए और ₹23,000 ऑनलाइन ट्रांसफर करवाकर कुल ₹31,000 की उगाही कर ली। इस घटना के बाद युवक गहरे मानसिक तनाव में चला गया था। आखिरकार, उसने हिम्मत जुटाकर अपनी पत्नी को पूरी आपबीती सुनाई। पत्नी से मिले संबल और हौसले के बाद युवक ने थाने जाकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
मामले में सात गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में साहिल दिलावरभाई चौहान (25), शक्ति मनोजभाई बाजीपरा (29), भार्गव परेशभाई परमार (27), समीर रफीकभाई कोड़िया (27), फरदीन कामिलभाई शेख (25), समीर अब्बासभाई दीवान (30) और अंकित भरतभाई त्यागी (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
