गुजरात के नवसारी में लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने हाइब्रिड गांजे की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-48 पर खारेल ओवरब्रिज के पास दो कारों से 9.375 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा बरामद किया है। इसकी बाजार कीमत ₹3.28 करोड़ से अधिक बताई गई है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कथित नेटवर्क से जुड़े नौ अन्य लोगों को वांटेड घोषित किया है। जब्त गांजे, दो कारों, मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल ₹3.56 करोड़ से अधिक का मुद्दामाल बरामद किया गया है।
थाईलैंड से मुंबई-गुजरात तक फैला ड्रग्स नेटवर्क बेनकाब।
नवसारी के एसपी राहुल पटेल के मुताबिक, पुलिस को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर 21 नवंबर की रात खारेल ओवरब्रिज के पास सर्विस रोड पर दो कारों को रोका गया। इनमें काले रंग की महिंद्रा थार (GJ-15-CN-1004) और सफेद हुंडई क्रेटा (DD-03-AL-0035) शामिल थीं। तलाशी के दौरान दोनों कारों से हाइब्रिड गांजा बरामद हुआ।
वापी के तीन और दमन का एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु महेश सिंह (30), प्रेमचंद उर्फ राहुल यादव (21), मिकेत प्रवीण पटेल (22) और प्रमोद क्रिपाशंकर पाठक (34) के रूप में की है। विष्णु और प्रेमचंद वापी के रहने वाले हैं, जबकि प्रमोद भी वापी में रहता है। मिकेत दमन का निवासी है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर वडोदरा में गांजे की डिलीवरी देने के बाद दो कारों से वापी लौट रहे थे। हालांकि, एसपी राहुल पटेल ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों के मुंबई, वापी और वडोदरा जैसे शहरों में संपर्कों के जरिए गांजे की सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।
प्रमोद को पुलिस ने बताया नेटवर्क का किंगपिन
एसपी राहुल पटेल के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में प्रमोद पाठक को इस नेटवर्क का मुख्य आरोपी यानी किंगपिन बताया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रमोद भारत और विदेश में मौजूद संपर्कों के जरिए बड़ी मात्रा में हाइब्रिड गांजा मंगवाता था और फिर अपने साथियों के माध्यम से अलग-अलग शहरों में इसकी सप्लाई करवाता था।
पुलिस ने इस मामले में नौ लोगों को वांटेड घोषित किया है। इनमें विकास जायसवाल, जयंत प्रजापति, गुरकरन सिंह बैंस, अब्दुल रहमान, कृष्णा, रॉनी, विपुल खटवा, रुत्विक कलसकर और बंटी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, रॉनी फिलहाल थाईलैंड में रह रहा है, जबकि पहले उसका ठिकाना मुंबई के अंधेरी में था। पुलिस इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी जांच कर रही है। FIR के मुताबिक, छापेमारी के दौरान विकास जायसवाल पुलिस को चकमा देकर पास के खेतों और झाड़ियों के रास्ते फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
गांजे की कीमत ₹3.28 करोड़, कुल जब्ती ₹3.56 करोड़ से अधिक
पुलिस ने दोनों कारों से कुल 9.375 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत ₹3,28,12,500 बताई गई है। इसके अलावा थार की कीमत ₹12 लाख और क्रेटा की कीमत ₹10 लाख आंकी गई है। आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन और ₹33,770 नकद भी बरामद किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत ₹3,56,06,270 बताई गई है।
गणदेवी पुलिस स्टेशन में चारों गिरफ्तार आरोपियों और अन्य वांटेड लोगों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8(C), 20(B)(ii)(B) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत जांच गणदेवी पुलिस कर रही है।
कुछ आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वांटेड विकास जायसवाल के खिलाफ वापी GIDC और भिलाड पुलिस स्टेशन में चोरी से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार प्रमोद पाठक के खिलाफ वापी GIDC और नानी दमन में मामले दर्ज होने की जानकारी FIR में दी गई है। वहीं, गिरफ्तार विष्णु सिंह के खिलाफ अहमदाबाद एयरपोर्ट कस्टम्स में NDPS एक्ट के तहत 2024 में मामला दर्ज होने का उल्लेख है। पुलिस अब आरोपियों के संपर्कों, गांजे की खरीद, परिवहन और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
