Greater Noida Traffic: सप्ताह के पहले ही दिन की सुबह ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौर सिटी) और नोएडा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर वाहन चालकों को भीषण ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। किसान चौक (चार मूर्ति गोल चक्कर) से पर्थला फ्लाईओवर की ओर जाने वाली सड़क पर एक ट्रक के डिवाइडर से टकरा जाने के कारण यातायात पूरी तरह चरमरा गया। देखते ही देखते चार मूर्ति गोल चक्कर से पर्थला सिग्नेचर ब्रिज और फ्लाईओवर तक वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई, जिसमें सुबह-सुबह दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोग घंटों फंसे रहे।
किसान चौक के पास डिवाइडर से टकराया ट्रक, लगा जाम (Noida Traffic Police)
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक बना जाम की मुख्य वजह
नोएडा ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, किसान चौक से पर्थला गोल चक्कर की तरफ जा रहा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर से जा टकराया। हादसा होते ही मार्ग का एक बड़ा हिस्सा बाधित हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस की टीम ने जेसीबी और हाइड्रा मशीनों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने का काम शुरू किया। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आधिकारिक बयान जारी कर चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
नोएडा पुलिस ने लिखा कि किसान चौक से परथला गोल चक्कर की ओर जाने वाले मार्ग पर एक ट्रक डिवाइडर से टकरा गया है। जिसे जेसीबी व हाइड्रा की सहायता से यातायात पुलिस द्वारा हटवाया जा रहा है। वाहन चालकों से अनुरोध है कि वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग कर अपने गंतव्य की ओर जाना सुनिश्चित करें।
सोमवार की सुबह और भीड़ से बढ़ी आफत
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) से रोजाना लाखों की संख्या में नौकरीपेशा लोग नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद के लिए निकलते हैं। सोमवार सुबह पीक आवर्स के दौरान हफ्ते का पहला दिन होने की वजह से सड़क पर गाड़ियों का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है। पर्थला फ्लाईओवर से ठीक पहले कट और गोल चक्कर पर अचानक गाड़ियों का दबाव बढ़ने से बॉटलनेक की स्थिति बन गई। चार मूर्ति से पर्थला सिग्नेचर ब्रिज पार करने में जहां आम तौर पर 15-20 मिनट का समय लगता है, वहीं चालकों को तकरीबन घंटे भर तक खड़ा रहना पड़ा।
