शहर

Greater Noida: सोसाइटी में ऊपर से गिरा प्लास्टर, बाइक सवार की मौत; मेंटेनेंस में लापरवाही को लेकर लोगों में गुस्सा

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के अरिहंत अंबर सोसाइटी में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। बिल्डिंग का प्लास्टर गिरने से बाइक सवार शख्स की मौत हो गई। मेटेंनेंस को लेकर निवासियों में नाराजगी है।

Image

मृतक की फाइल फोटो

Photo : Times Now Digital

Greater Noida News: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी से बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अरिहंत अंबर सोसाइटी में शनिवार देर शाम बिल्डिंग का प्लास्टर अचानक टूटकर गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई। इस हादसे के बाद पूरी सोसाइटी के निवासियों में डर और बिल्डर के खिलाफ भारी आक्रोश का माहौल है।

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया सेल और स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के मुताबिक, अरिहंत अंबर सोसाइटी के टावर डी-1507 में रहने वाले 46 वर्षीय विकास चावला (पुत्र रविंद्र चावला) शनिवार शाम को अपनी मोटरसाइकिल से किसी काम के लिए सोसाइटी से बाहर निकल रहे थे। तभी अचानक टावर के ऊपरी और बाहरी हिस्से से प्लास्टर का एक भारी-भरकम टुकड़ा सीधे उनके ऊपर आ गिरा। प्लास्टर के अचानक गिरने से उनकी बाइक असंतुलित हो गई और वह नीचे गिर पड़े। नीचे गिरने के दौरान उनका सिर पास ही बनी दीवार के नुकीले किनारे से बेहद जोर से टकरा गया। सिर में गंभीर चोट आने की वजह से काफी खून बह गया।

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और सोसाइटी के अन्य लोगों ने आनन-फानन में घायल विकास चावला को पास के ही एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है, शव को कब्जे में ले लिया गया है और अग्रिम विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बिल्डर के खिलाफ फूटा गुस्सा

इस खौफनाक हादसे के बाद अरिहंत अंबर सोसाइटी के निवासियों की नाराजगी सातवें आसमान पर है। निवासियों का सीधा आरोप है कि लंबे समय से इमारतों के बाहरी हिस्से का प्लास्टर जर्जर हो रहा था और लगातार टूट कर गिर रहा था, लेकिन बिल्डर प्रबंधन की ओर से बार-बार शिकायत के बावजूद समय रहते कोई मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। सोसाइटी के अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) ने इस घटना को बिल्डर की गंभीर और आपराधिक लापरवाही करार दिया है। AOA ने बिल्डर से तुरंत पूरी बिल्डिंग की मरम्मत कराने की सख्त मांग की है। इस लापरवाही के खिलाफ सोसाइटी के लोग जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर को एक विस्तृत ज्ञापन भेजने की तैयारी कर रहे हैं। बिल्डर पर कानूनी और प्रशासनिक शिकंजा कसने के लिए और सभी निवासियों का समर्थन जुटाने के लिए सोसाइटी के हर एक टावर के रिसेप्शन पर एक बड़ा हस्ताक्षर अभियान भी शुरू कर दिया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article