Greater Noida West में अगले महीने शुरू हो जाएगा चार मूर्ति अंडरपास का काम, जानें कब हो जाएगा तैयार

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को जल्द ही चारमूर्ति गोलचक्कर के पास लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलने वाली है। यहां पर अंडरपास का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने वाला है। यहां पर लगभग 80 करोड़ की लागत से अंडरपास का निर्माण हो रहा है, जिसके लिए सर्वे किया जा रहा है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों के लिए खुशखबरी है। यहां के लोगों को सुबह-शाम चार मूर्ति गोलचक्कर पर लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलेगी। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इस सबसे व्यस्त चौराहे पर अंडरपास बनाया जाना है। इस संबंध में अच्छी खबर यह है कि यहां पर अंडरपास का निर्माण कार्य अगले ही महीने यानी जून में शुरू हो जाएगा। चलिए जानते हैं इस संबंध और क्या-क्या जानकारी है।

Greater Noida West Char Murti Underpass.

चार मूर्ति चौराहे पर अंडरपास का काम जल्द होगा शुरू

80 करोड़ में बनेगा अंडरपास

ग्रेटर नोएडा वेस्ट का चारमूर्ति चौराहा, यहां के सबसे व्यस्त चौराहों में से है। यहां पर अंडरपास या फ्लाईओवर बनाने की मांग यहां के निवासी लंबे समय से कर रहे थे। प्राधिकरण ने भी उनकी मांग पर ध्यान दिया और यहां अंडरपास निर्माण को मंजूरी दी। अब ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने चयनित एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। जून में अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, इससे पहले सर्वे किया जा रहा है। इस अंडरपास को बनने में 80 करोड़ की लागत आएगी।

जाम के झाम से मिलेगी मुक्ति

चारमूर्ति चौराहे पर अंडरपास बन जाने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को यहां रोज लगने वाले जाम के झाम से मुक्ति मिलेगी। बता दें कि चार मूर्ति गोलचक्कर पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सबसे ज्यादा ट्रैफिक का दबाव होता है। यहां सुबह और शाम के साथ ही दिन के समय भी जाम से लोगों को परेशान होना पड़ता था। यहां गोलचक्कर को बंद करने के अलावा कई प्रावधान किए गए, लेकिन लोगों को जाम से मुक्ति नहीं मिली। अब उम्मीद की जा रही है कि अंडरपास बन जाने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोग चैन की सांस ले पाएंगे।

अंडरपास बनने में कितना समय लगेगा

चार मूर्ति चौराहे पर अंडरपास बनने में 18 महीने का समय लगेगा। 80 करोड़ की अनुमानित लागत में बनने वाला यह अंडरपास गाजियाबाद की तरफ से सूरजपूर की तरफ को बनेगा। इससे NH-9 और गौरसिटी की तरफ से आने वाले वाहन सीधे अंडरपास के जरिए सूरजपुर और ग्रेटर नोएडा ईस्ट की तरफ जाएंगे। इस अंडरपास के बन जाने से समय के साथ ही धन की भी बचत होगी।

End of Feed