शहर

Greater Noida: श्रमिकों से मिलने से पहले ही सपा नेता हुए 'हाउस अरेस्ट'; अमरोहा में हाई अलर्ट, 1000 पुलिस जवान तैनात

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में सपा (SP) नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है। वहीं SP के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे माता प्रसाद पांडे DND पहुंच गए हैं। नोएडा की घटना के बाद अमरोहा में 1000 पुलिसकर्मी फैक्ट्रियों की सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। जानें ताजा हालात।

Image

नजरबंद किए गए कई सपा नेता

Photo : Times Now Digital

UP News: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक केंद्रों में तनाव का माहौल गरमाता जा रहा है। नोएडा की हालिया घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन 'एक्शन मोड' में है। एक तरफ जहां ग्रेटर नोएडा में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं को पुलिस ने घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी है, वहीं दूसरी ओर अमरोहा में सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

कई सपा नेता हाउस अरेस्ट

ग्रेटर नोएडा में आज उस समय सियासी पारा चढ़ गया जब पुलिस ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख स्थानीय नेताओं को उनके ही घरों में नजरबंद (House Arrest) कर दिया। सपा का एक प्रतिनिधिमंडल आज उन श्रमिकों से मुलाकात करने वाला था जो अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना बताया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल का इरादा श्रमिकों की समस्याओं को सुनकर उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाना था, लेकिन मुलाकात से ठीक पहले पुलिस की इस घेराबंदी ने प्रशासन और विपक्ष के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर दी है।

DND बॉर्डर पर पहुंचा सपा डेलिगेशन

फिलहाल फैक्ट्री मजदूरों से मिलने जा रहा सपा डेलिगेशन DND बॉर्डर पहुंच गया है, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे को नोएडा पुलिस के बड़े अधिकारी समझाने का प्रयास कर रहे है और भारी पुलिस बल की तैनाती है। समाजवादी पार्टी (SP) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (CPI-M) के प्रतिनिधिमंडल को नोएडा में प्रवेश से रोक दिया गया, जिसके बाद वे DND फ्लाईवे पर सड़क पर बैठ गए।

अमरोहा में फैक्ट्रियों पर हाई अलर्ट

नोएडा की आंच अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों तक भी पहुंच गई है। अमरोहा जिले में प्रशासन ने किसी भी संभावित उपद्रव या अप्रिय घटना को रोकने के लिए 'हाई अलर्ट' जारी कर दिया है। अमरोहा जिले की सभी छोटी-बड़ी फैक्ट्रियों और औद्योगिक क्षेत्रों में 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। संवेदनशील औद्योगिक इकाइयों के बाहर पुलिस की टुकड़ियां 24 घंटे निगरानी कर रही हैं। फैक्ट्री प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

प्रशासन की अपील: अफवाहों से बचें

अमरोहा पुलिस और प्रशासन ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और ये कदम केवल एहतियात के तौर पर उठाए गए हैं। लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न देने की गुजारिश की गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article