दिल्ली में आज का मौसम (17 Apr 2026): राजधानी दिल्ली में कुदरत का अनोखा खेल देखने को मिल रहा है। जहां एक तरफ गुरुवार को पारा 40 डिग्री के पार पहुंचने से लोग बेहाल थे, वहीं शुक्रवार की सुबह तिलक मार्ग, अक्षरधाम और लक्ष्मी नगर समेत कई इलाकों में हुई हल्की बारिश ने दिल्लीवालों को बड़ी राहत की उम्मीद दी है। शाम आते-आते आसमान में छाई काली घटाओं और फुहारों ने बढ़ते तापमान पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है। गरज-चमक के साथ हुई बारिश से समूचे एनसीआर का मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान समूचे एनसीआर में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसमी गतिविधियां होने से पॉल्यूशन के स्तर में कमी आने और एक्यूआई बेहतर होने की गुंजाइश बढ़ गई है।
पूरी दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट (Delhi Rain Alert)
शुक्रवार सुबह और शाम को हुई बारिश ने न केवल धूल और प्रदूषण से कुछ राहत दिलाई, बल्कि सुबह के वक्त सुहावनी हवाओं ने दिल्ली-नोएडा रूट पर चलने वाले यात्रियों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह राहत अस्थायी हो सकती है। IMD का पूर्वानुमान था कि शनिवार को फिर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। फिलहाल तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए मौसम विभाग ने अगले 2 दिन के लिए पूरे शहर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पूरी दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट घोषित (IMD)
आज कैसा रहेगा तापमान (Delhi Weather Today)
कल यानी गुरुवार को दिल्ली ने इस सीजन की सबसे भीषण गर्मी झेली। इस साल पहली बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस की दहलीज को पार कर गया। मौसम विभाग के मुताबिक रिज इलाका सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री दर्ज किया गया। सफदरजंग में पारा 40.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है। आयानगर में भी तापमान 40.5 तक जा पहुंचा। ऐसे में आज चल रही हवाओं और बूंदाबादी से तापमान में कुछ गिरावट की उम्मीद की जा रही है लेकिन IMD के आंकड़े कुछ और कह रहे हैं। दिल्ली में आज दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जो कि कल से कम है। इसके साथ आज बूंदाबादी उमस भी बढ़ाएगी। कल शनिवार को बारिश की संभावना नहीं है। दिन का तापमान अधिकतम 41 डिग्री तक पहुंच सकता है और नमी का स्तर आज के 64 फीसदी से बढ़कर 75 फीसदी तक जा सकता है।आंधी-तूफान की संभावना (IMD Rain Alert Today in Delhi)
शुक्रवार को दिल्ली में मौसम विभाग ने आंधी तूफान की संभावना जताई। सुबह से ही आसमान में बादल दिखाई दिए और शाम होते ही कई इलाकों में छिटपुट बारिश भी से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल पूरी दिल्ली में मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा रही गई है, जिसकी तीव्रता 5 से 15 मिमी प्रति घंटा है। साथ ही, मध्यम गरज-तूफान की स्थिति बनी हुई है, जिसमें सतही हवा की अधिकतम रफ्तार 41 से 61 किलोमीटर प्रति घंटा तक रही।
