उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) ने सिर्फ तीन वर्षों में ही खुद को देश और दुनिया के व्यापार मानचित्र पर स्थापित कर लिया है। साल 2023 में इसकी शुरुआत से लेकर 2025 के तीसरे संस्करण तक यह आयोजन हर साल और भव्य व प्रभावशाली बनता चला गया है। प्रदर्शकों, विजिटर्स और विदेशी खरीदारों की बढ़ती संख्या ने यह साबित कर दिया कि उत्तर प्रदेश अब निवेश और व्यापार का नया केंद्र बन रहा है।
ग्रेटर नोएडा में 25-29 सितंबर को होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेश शो
2023 में पहले संस्करण की ऐतिहासिक शुरुआत
UPITS की शुरुआत साल 2023 में हुई थी, जिसका उद्घाटन महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया था। इस पहले ही आयोजन ने राज्य के उद्योग और कारोबार को एक नई दिशा दी। लगभग 70 हजार बी2बी विजिटर्स और 2.37 लाख बी2सी विजिटर्स यहां पहुंचे थे। 1914 प्रदर्शकों ने अपने उत्पादों को एग्जिबिट किया और 400 से ज्यादा विदेशी खरीदारों ने नए व्यापार अवसरों को तलाशा। यह आयोजन उत्तर प्रदेश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि साबित हुआ।
2024 में और भी बड़ा और भव्य आयोजन हुआ
पहले संस्करण की सफलता ने दूसरे संस्करण को और बड़ा बनाने की प्रेरणा दी। पिछले साल इसका उद्घाटन तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया। इस बार बी2बी विजिटर्स की संख्या 1 लाख से ज्यादा और बी2सी विजिटर्स की संख्या भी 3 लाख के पार पहुंच गई। एग्जबिटर्स की संख्या 2122 हो गई, जो पिछले साल से ज्यादा थी। 2024 में भी 350 से ज्यादा विदेशी खरीदार इसमें शामिल हुए। इससे UPITS को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर और बड़ी पहचान मिली।
इस साल का तीसरा संस्करण नई ऊंचाइयों की ओर
अब 2025 का तीसरा संस्करण 25 से 29 सितंबर के बीच ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होने जा रहा है। आयोजकों का अनुमान है कि इस बार 5 लाख से ज्यादा विजिटर्स आएंगे, जिनमें 2.5 लाख बी2बी और 3 लाख बी2सी विजिटर्स होंगे। प्रदर्शकों की संख्या भी 2500 से ज्यादा होगी और 500 से अधिक विदेशी खरीदारों के आने की उम्मीद जतायी जा रही है। उनके लिए विशेष मीटिंग हॉल भी बनाए गए हैं। इस बार रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया क्यूआर कोड आधारित मोबाइल एप से होगी, जिससे पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित होगी।
