नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी जल्द ही और बेहतर होने वाली है। एनसीआर और गौतमबुद्ध नगर जिले के दोनों शहरों के बीच की दूरी भी कम होगी। यह सब होगा फिलहाल हरनंदी ब्रिज की निर्माणाधीन अप्रोच रोड के जरिए। माना जा रहा है कि अगस्त 2025 तक यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा। अप्रोच रोड को हरनंदी ब्रिज से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की 45 मीटर सर्विस रोड तक 623 मीटर बढ़ाया जाएगा।
इस हिस्से पर 8 फरवरी को काम शुरू हुआ है और इसके पूरा हो जाने से ग्रेटर नोएडा में LG चौक से एक्सप्रेसवे तक का सफर मात्र 5 मिनट का रह जाएगा और दूरी सिर्फ 2090 मीटर रह जाएगी। पहले इस दूरी को तय करने में यात्रियों को 16 किमी का चक्कर लगाना पड़ता था। इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत 147 करोड़ रुपये है।
ग्रेटर नोएडा में LG चौक से एक्सप्रेसवे तक का यह मार्ग करीब 2 किमी का होगा और इसकी चौड़ाई 60 मीटर होगी। सेतु कॉर्पोरेशन यहां पर हरनंदी के पर एक ब्रिज का निर्माण कर रहा है। यह ब्रिज नोएडा और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी मिलकर बना रहे हैं। ग्रेटर नोएडा में अप्रोच रोड का निर्माण भी नोएडा और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी मिलकर कर रहे हैं। प्राधिकरण जिस हिस्से पर निर्माण करेंगे वह करीब 1020 मीटर है और यहां पर 623 मीटर के इलाके में 45 मीटर चौड़ी अप्रोच रोड बनाई जाएगी।
पूर्व में जब यात्री दिल्ली या नोएडा की तरफ से एक्सप्रेसवे के जरिए परी चौक, एलजी चौक, कलेक्ट्रेट, सूरजपुर, सेक्टर गामा 1, गामा 2, बीटा 1, बीटा 2, इंडस्ट्रियल एरिया, इंडस्ट्रियल एक्सटेंशन और गाजियाबाद की ओर जाते थे तो उन्हें 16 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था। एक बार यह नई सड़क बन जाने के बाद यह दूरी कम हो जाएगी और इससे कई सेक्टरों को लाभ होगा।
