आगरा

जूस बेचने वाले शख्स को आया 8 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, जानें इतनी कमाई का राज

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रहने वाले एक व्यक्ति को आयकर विभाग ने 8 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस भेजा है। यह व्यक्ति अलीगढ़ की कचहरी में जूस की दुकान लगाता है। इतना बड़ा इनकम टैक्स नोटिस मिलने के बाद व्यक्ति के होश उड़ गए। जानिए इतनी कमाई का राज क्या है -

Image

जूस बेचने वाले को 8 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस

Photo : Twitter

एक जूस विक्रेता की क्या कमाई होती है? अगर वह जूस विक्रेता शहर की कचहरी में जूस की दुकान लगाता हो तो फिर उसकी क्या कमाई होगी? आप अंदाजा लगाते रहें, लेकिन जिस जूस विक्रेता की हम बात कर रहे हैं, उसे आयकर विभाग से 8 करोड़ का नोटिस मिला है। जी हां, ये सच है। अलीगढ़ की दीवानी कचहरी में जूस की दुकान लगाने वाले मोहम्मद रईस का इतनी बड़ी राशि का नोटिस मिलने के बाद होश उड़ गए। चलिए जानते हैं इसमें क्या राज है -

अलीगढ़ की कचहरी में जूस की दुकान करने वाले मोहम्मद रईस को इनकम टैक्स विभाग की ओर से 7.79 करोड़ रुपये के टर्नओवर का नोटिस मिला है। इसके पैन नंबर का इस्तेमाल करके 7.79 करोड़ रुपये की खरीद-बिक्री की गई है। अलीगढ़ की तार गली, सराय रहमान में रहने वाले मोहम्मद रईस को आयकर विभाग खंड-3 के ITO नैन सिंह की तरफ से 7.79 करोड़ की खरीद बिक्री का नोटिस जारी हुआ है।

आयकर विभाग ने पूछा प्रश्न

आयकर विभाग ने मोहम्मद रईस से प्रश्न पूछा है कि आखिर उन्होंने इतने बड़े पैमाने पर टर्न ओवर होने के बावजूद रिटर्न फाइल क्यों नहीं की है। बता दें कि रईस के पैन नंबर पर साल 2021-22 में 7.89 करोड़ की खरीद-बिक्री हुई थी, इसी के लिए उन्हें यह नोटिस जारी किया गया है।

रिटर्न फाइल क्यों नहीं की?

जब इतनी बड़ी राशि की खरीद-बिक्री हुई है तो प्रश्न उठता है कि आखिर रईस ने रिटर्न फाइल क्यों नहीं की? इस पर रईस का कहना है कि उन्हें इस बारे में जानकारी ही नहीं है। उनके पैन नंबर का दुरुपयोग हुआ है।

दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार इस पूरे मामले में दीपक शर्मा नाम का एक शख्स भी जुड़ा है। इस संबंध में पंजाब के एक-दो फर्म संचालकों के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। जिसमें पता चला है कि दीपक शर्मा नाम का व्यक्ति उनको हर महीने 15-20 हजार रुपये देता था। यही नहीं आयकर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद रईस के पैन नंबर का इस्तेमाल पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान किया गया था। अब जब रईस को नोटिस मिला तो वह परेशान हो गया। रईस ने सीए के माध्यम से आयकर विभाग के अधिकारियों से इस संबंध में संपर्क किया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article