Car Caught Fire in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने देवदूत बनकर चलती कार से दो लोगों की जान बचाई। रविवार रात को पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार में नीचे हल्की आग लगी हुई देखी। जिसके बाद पुलिस ने कार का पीछा कर उसे रोका और आग को बुझाया। आग के कारण कार का आगे का हिस्सा जलकर राख हो गया। हालांकि कार में सवार दोनों लोगों की जान बच गई।
कार में लगी आग
खेरली नहर के पास चेकिंग कर रही थी पुलिस
ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में रविवार रात को पुलिस खेरली नहर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिलासपुर कस्बे के पास एक ब्रेजा गाड़ी गुजरी, जिसमें नीचे हल्की आग लगी हुई थी। जिसके बारे में कार चालक को कोई जानकारी नहीं थी। चेकिंग कर रही पुलिस टीम ने कार में लगी आग को देखकर गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया।
पुलिस ने एक किमी तक पीछा कर रोकी कार
पुलिस ने कार चालक को रुकने का भी संकेत दिया। लेकिन उसने घबराकर गाड़ी नहीं रोकी। करीब एक किमी तक कार का पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे ओवरटेक किया और कार को रोका। जिसके बाद पुलिस ने कार चालक को आग के बारे में बताया और कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। पुलिस आग बुझाने के लिए पास स्थित पेट्रोल पंप से आग बुझाने के उपकरण लेकर आई। जिसके बाद कार में लगी आग को कड़ी मशक्कत के बाद बुझा दिया गया।
कार चालक ने किया पुलिस को धन्यवाद
गाड़ी में सवार युवक की ने अपना नाम ज्ञानेंद्र नागर बताया है। वह सिकंदराबाद से अपने गांव धनोरी कला जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हुआ। लेकिन इसमें कोई जनहानि नहीं हुई है। कार चालक ने अपनी जान बचाने के लिए पुलिस को धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ और तेजी की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।
