Leopard in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की थाना बिसरख क्षेत्र की एक निर्माणाधीन आवासीय सोसायटी में मंगलवार रात तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। बता दें कि बीते 15 दिनों में यह दूसरी बार है जब यहां पर तेंदुआ देखा गया है। तेंदुआ देखे जाने की जानकारी मिलने के बाद से वन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से तालाशी अभियान चला रही है। आसपास क्षेत्र व सोसायटी में रहने वाले लोगों को घर के अंदर ही रहने को कहा गया है। रात भर तलाशी करने के बाद भी अभी तक तेंदुआ की लोकेशन का पता नहीं चल पाया है। जिसके बाद मेरठ से वन विभाग की टीम को बुलाया गया है।
सोसायटी में टहलता तेंदुआ
बता दें कि मंगलवार रात से ही सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें एक तेंदुआ बिल्डिंग में घुसता हुआ दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को ग्रेटर नोएडा का बता कर सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में दिख रहा है कि एक तेंदुआ जैसा दिखने वाला जानवर एक बिल्डिंग के नीचे घूम रहा है। इस वीडियो को काफी ऊंचाई से बनाया गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन के अजनारा ले गार्डन का है। यहीं पर तेंदुए देखे जाने की जानकारी दी जा रही है।
