Shahberi Road Expansion: ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही उन्हें शाहबेरी में लगने वाले जाम से निजात मिलने वाली है। शाहबेरी मार्ग का विस्तार किया जा रहा है। इसके चौड़ीकरण का काम एक सप्ताह में पूरा होने वाला है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट से क्रॉसिंग रिपब्लिक गाजियाबाद की लेन बनकर तैयार हो गई। जिस पर लोगों का आवागमन भी शुरू हो गया है। दूसरी लेन का भी अंतिम चरण में और जल्द ही पूरा हो जाएगा।
प्रतिकात्मक तस्वीर
25 मार्च से शुरू हुआ शाहबेरी रोड का चौड़ीकरण
ग्रेटर नोएडा वेस्ट का शाहबेरी मार्ग पहले करीब तीन मीटर चौड़ा था। इटेड़ा गोलचक्कर से शुरू होने वाली यह रोड एक लेन की थी। जिसकी वजह से यहां पर लोग रोजाना ट्रैफिक जाम से जूझते थे। जिसकी वजह से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस सड़क का विस्तार करने का फैसला किया। शाहबेरी मार्ग के चौड़ीकरण का काम 25 मार्च को शुरू किया गया था। इस रोड के दोनों ओर कम से कम डेढ़ मीटर तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाई गई। वहीं कुछ हिस्सों में सड़क को दो मीटर तक चौड़ा किया गया है।
ड्रेन निर्माण के चलते लगा अधिक समय
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रबंधक नीतीश कुमार के अनुसार शाहबेरी मार्ग के चौड़ीकरण का काम अपने अंतिम चरण पर चल रहा है। इसकी एक लेन बनकर तैयार हो गई है और दूसरी लेन भी अगले सप्ताह तक तैयार हो जाएगी। यह निर्माण कार्य तीन करोड़ की लागत से चल रहा है। इसमें जल निकासी के लिए दोनों तरफ ड्रेन भी बनाया जा रहा है। जिसकी वजह से तय समय से अधिक वक्त लग गया। लोगों की परेशानी को देखते हुए तेजी से निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके बनने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट और क्रॉसिंग रिपब्लिक के बीच आवाजाही पहले से आसान हो जाएगी। साथ ही लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।
