ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के डाढ़ा गांव में एक व्यक्ति अपने ऑटो रिक्शा के पीछे एक कुत्ते को रस्सी से बांधकर घसीटता हुआ दिखा। इस घटना से लोग आक्रोशित हो गए हैं और इस पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कासना थाना पुलिस ने आरोपी युवक नितिन हुड को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, नितिन, जो डाढ़ा गांव का निवासी है, कुत्ते को कहीं छोड़ने ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में कुत्ता ऑटो से कूद गया और सड़क पर घसीटता चला गया।
एक राह चलता व्यक्ति ने इस दृश्य को कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिससे यह घटना तेजी से वायरल हो गई और लोगों की नाराजगी देखने को मिली। इस संगीन घटना के बाद, पुलिस ने मामला दर्ज कर नितिन को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर यूजर्स आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।
