Greater Noida West Metro: मेट्रो यात्रियों की सुविधा के लिए ग्रेटर नोएडा पश्चिम मेट्रो के नए रूट के निर्माण में काफी तेजी लाई जा रही है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने प्रस्तावित मेट्रो का रोडमैप बदलने के उद्देश्य से कवायद तेज कर दी है। इस बदलाव के तहत नोएडा के सेक्टर-61 स्टेशन पर एक्वा लाइन और ब्लू लाइन मेट्रो का कॉमन प्लेटफॉर्म निकालने की तैयारी है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन इन सभी बिंदुओं को समेटते हुए डिटेल रिपोर्ट प्रोजेक्ट (DPR) बनाने का काम अगले महीने से प्रारंभ करने जा रहा है। गौरतलब है कि, ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर का ये काम पीएमओ की ओर से आए हुए नए निर्देश के बाद होने जा रहा है।
नोएडा मेट्रो। (सांकेतिक फोटो)
PMO में दिया गया था प्रेजेंटेशन
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी डॉक्टर लोकेश एम ने बताया है कि, पीएमओ में नवंबर महीने के पहले हफ्ते के दौरान ग्रेटर नोएडा वेस्ट कॉरिडोर के काम का प्रेजेंटेशन दिया था। पीएमओ में मैनेजमेंट ने बताया कि, ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो के निर्माण से लेकर स्काईवॉक के काम के बारे में बताया गया है। इसके अलावा सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5 तक इस रूट को कैसे बढ़ाया जाएगा इस पर चर्चा हुई।
प्रदेश सरकार से मांगी गई मंजूरी
प्रेजेंटेशन के बाद पीएमओ ने कॉमन प्लेटफॉर्म बनाने के बाबत सेक्टर-61 मेट्रो स्टेशन के उपयोग और एक्वा लाइन के विस्तार के निर्देश दिए गए। तत्पश्चात नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने DPR बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से मंजूरी मांगी है। NMRC के मैनेजिंग डायरेक्टर ने बताया कि, यूपी शासन से मंजूरी मिलने के बाद तुरंत ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर के डीपीआर पर काम शुरू हो जाएगा।
