Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में पीर कट 130 मीटर रोड तिलपटा गोल चक्कर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश अंकित के पैर पर गोली लग गई। घायल अवस्था में बदमाश अंकित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस ने बताया है कि अंकित के ऊपर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बता दें कि बदमाश अंकित के ऊपर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को दबोचा
गौरतलब है कि पुलिस और बदमाशों के बीच नोएडा सेंट्रल जोन के थाना सूरजपुर में मुठभेड़ हुई। थाना सूरजपुर की पुलिस पीर कट 130 मीटर रोड, तिलपता गोल चक्कर के पास वाहनों की चैकिंग कर रही थी। पुलिस को बदमाशों के बारे में पहले से इनपुट मिला था।
चैकिंग के दौरान पुलिस ने रोका तो बदमाशों ने कर दी फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को चैकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। जिनको चैकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया गया तो वह वापस मुड़कर सर्विस रोड की तरफ से भागने लगे। इसी दौरान वह फिसल कर गिर गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग के दौरान एक बदमाश अंकित के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसे इलाज के लिया अस्पताल भेजा गया है। मौके से फरार उसके साथी सुमित की तलाश की जा रही है।
अंधेरे का फायदा उठा भागा दूसरा बदमाश
नोएडा सेंट्रल के एडिशनल डीसीपी साद खान मियां ने बताया कि सूरजपुर पुलिस चैकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया तो बदमाश भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर पर गोली लग गई। दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया है। पुलिस ने बदमाश अंकित के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद कर लिया है। घायल बदमाश का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। पकड़े गए बदमाश पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई पहले हो चुकी है और उसपर दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बदमाश के अन्य साथी की तलाश करने में जुट गई है, जल्द से जल्द उसको भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
