Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सीनियर सिटीजन हाउसिंग सोसायटी में बच्चों के विवाद में दबंगों ने पहले एक बच्चे को पीटा और जब अपने बेटे को बचाने के लिए सीनियर सिटीजन महिला सामने आई तो उसके साथ भी आरोपियों ने जमकर मारपीट की। जिससे महिला को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। लोगों ने कॉल कर घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पहुंची बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस घटना से सोसायटी के लोगों में भारी रोष है।
ग्रेटर नोएडा में बच्चों के विवाद में महिला की पिटाई, मामला दर्ज
बताया जा रहा है कि हाउसिंग सोसायटी में शुक्रवार देर शाम कुछ बच्चे पार्क में खेल रहे थे। खेल के दौरान एक बच्चे की अंगुली दूसरे बच्चे की आंख में लग गई। बच्चे ने घर जाकर इसकी शिकायत परिजनों से की। जिसके बाद पार्क में आए बच्चे के मामा और चाचा ने दूसरे बच्चे के साथ मारपीट शुरू कर दी। यह देख जब अपने बच्चे को बचाने के लिए 63 वर्षीय मां बीच में आई तो आरोपियों ने उसके साथ भी बुरी तरह से मारपीट की। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
सोसायटी की महिलाओं ने विरोध में किया धरना प्रदर्शन
मारपीट के इस घटना से सोसायटी की महिलाओं में भारी रोष है। महिलाओं का कहना है कि दो पुरुषों ने मिलकर एक महिला को बुरी तरह पीटा है। यह बेहद आपत्तिजनक स्थिति है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मारपीट करने वाले आरोपी भी इसी सोसायटी के रहने वाले हैं, जो फरार बताए जा रहे। घटना के बाद सोसायटी की सभी महिलाओं ने गेट पर एकत्रित होकर धरना भी दिया। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी अभी फरार हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
