Panchmukhi Flat Water Problem: ग्रेटर नोएडा के पंचमुखी जनता फ्लैट की घटना के बाद GNIDA ने पानी के रिजर्वायर्स को साफ कराने की बात कही है। सेक्टर तीन स्थित पंचमुखी जनता फ्लैट में पिछले छह महीने लगातार पीने के पानी के खराबी की शिकायत आ रही है। सोसाइटी में दूषित पेयजल के सेवन से बच्चे पीलिया की चपेट में आ रहे हैं। दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक सोसाइटी के एक निवासी ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय की खुशी को पीलिया हो गया है। पेट में दर्द की शिकायत पर जांच कराई तो डॉक्टरों ने 'लीवर में संक्रमण और सूजन बताई। लोगों का यह आरोप है कि पिछले कई महीने से सोसाइटी में जो पीने का पानी आ रहा है वो खराब है। इतनी शिकायतों और कई बच्चों की तबियत खराब होने के बाद GNIDA ने सभी रिजर्वायरों की सफाई कराने का फैसला किया है।
GNIDA कराएगा टंकियों की सफाई
पाइप लाइन बदलने की भी तैयारी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को सेक्टर-3 स्थित पंचमुखी जनता फ्लैट सोसाइटी में पेयजल की जांच की। जांच में पानी का TDS सही पाया गया। हालांकि, प्राधिकरण ने सभी भूमिगत और अपर जलाशयों की सफाई कराने का निर्णय लिया है। साथ ही, पंचमुखी सोसाइटी की पाइप लाइन बदलने का प्रस्ताव भी तैयार किया है। पंचमुखी जनता फ्लैट सोसाइटी में करीब 600 परिवार रहते हैं। यहां दूषित पेयजल की शिकायत पिछले पांच माह से सामने आरही है, लेकिन कोई उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है।
जांच में TDS सही मिला
सोसाइटी के लोगों का काफी समय से आरोप है कि दूषित पेयजल के सेवन से बच्चे पीलिया की चपेट में आ रहे हैं। आरओ लगाने के बाद भी प्राधिकरण द्वारा आपूर्ति किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है। दैनिक हिंदुस्तान की खबर के मुताबिक प्राधिकरण प्राधिकरण की टीम ने पानी का जांच की, जिसमें पानी में घुले ठोस पदार्थों (TDS) का स्तर सामान्य पाया गया। जल विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार का कहना है कि पंचमुखी जनता फ्लैट सोसाइटी के पेयजल का TDS सामान्य पाया गया है। लोगों को टंकी की सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। एहतियात के तौर पर पेयजल की गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी भूमिगत और अपर जलाशयों की सफाई कराई जाएगी। अपर जलाशय की सफाई जून से शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि पानी की शुद्धता जांचने के लिए TDS ही एक इकलौता तरीका नहीं है। ये केवल पानी में घुले ठोस पदार्थों को जांचता है, जबकि पानी के दूषित होने के और भी कई कारण हो सकते हैं।
कई लोग हो चुके हैं बीमार
पंचमुखी जनता फ्लैट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सतपाल यादव ने यह जानकारी दी कि दूषित पेयजल के सेवन से ग्रेनो की सोसाइटी में 300 से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं। उस समय अथॉरिटी ने जल्द से जल्द लीकेज की समस्या और पेयजल पाइप लाइन बदलने की बात कही थी लेकिन अब तक स्थिति जस की तस है। इस लापरवाही की वजह से सोसाइटी के लोगों में पीलिया की बढ़ती समस्या भी देखी गई थी। अब UGR (अंडर ग्राउंड रिजर्वायर्स) समेत सभी जलाशयों की सफाई कराने की सुध आई है।
