रिश्तों को शर्मसार करने वाली खबरें तो आपने कई सुनी होंगी। पिछले कुछ दिनों से मुस्कान में रवीना राव ने जिस तरह से अपने-अपने प्रेमियों के साथ मिलकर पतियों को ठिकाने लगाया, वह खबरें चर्चा में रहीं। लेकिन बुलंदशहर का मामला इनसे अलग नहीं है। फर्क सिर्फ इतना है कि इस मामले में जान गंवाने वाला पति नहीं बल्कि ससुर है।
बुलंदशहर के डिबाई थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने प्रेमी को मिलने के लिए घर बुलाया। लेकिन महिला के ससुर ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इससे बौखलाए प्रेमी ने महिला के ससुर की हत्या कर दी।
महिला के ससुर 62 वर्षीय राजवीर सिंह की लाश उनके ही घर में संदिग्ध हालत में पड़ी मिली। पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राजवीर सिंह का शव बरामद किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की पड़ताल शुरू कर दी।
मृतक राजवीर सिंह के बेटे बंटी का आरोप है कि वह कुछ काम से कहीं गया हुआ था, इस दौरान उसके पिता घर पर ही थे। इसी दौरान उसकी पत्नी का प्रेमी पवन उनके घर आ गया। इस दौरान उन दोनों को उसके पिता राजवीर सिंह ने आपत्तिनजक स्थिति पकड़ लिया। बंटी ने बताया कि इसी दौरान उसकी पत्नी और पत्नी के प्रेमी पवन ने एलुमीनियम की फंटी मारकर उसके पिता की हत्या कर दी। बंटी ने बताया कि वहां पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में पवन आता हुआ दिखायी दे रहा है।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने घर की बहू के प्रेमी पवन के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे हिरासत में भी ले लिया है। इस मामले की पूरी जानकारी देते हुए एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि यह थाना डिबाई कोतवाली क्षेत्र की घटना है। उन्होंने कहा, सूचना के आधार पर 62 साल के राजवीर की हत्या के मामले में आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। इस पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम से भी जांच करवाई जा रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई होगी।
