Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव उसके किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान अजय सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कानपुर देहात का रहने वाला था और ग्रेटर नोएडा में रहकर ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रेटर नोएडा में 25 साल के युवक ने की आत्महत्या (प्रतीकात्मक फोटो)
पत्नी पर लगाए प्रताड़ना के करने
पुलिस के अनुसार, आत्महत्या से पहले अजय ने एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो में उसने अपनी पत्नी पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। अजय ने कहा कि उसकी पत्नी फोन पर दूसरे युवकों से बातचीत करती थी। उसके मुताबिक, उसे पत्नी की बातचीत के बारे में कॉल हिस्ट्री के जरिए जानकारी मिली थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात भी वीडियो में कही गई है।
पत्नी पर गाली-गलौज करने का भी आरोप
अजय ने आरोप लगाया कि जब उसने पत्नी को दूसरे युवकों से फोन पर बात करने से मना किया तो उनके बीच विवाद बढ़ गया। वीडियो में उसने पत्नी पर गाली-गलौज करने का आरोप भी लगाया। युवक ने कहा कि वह लगातार परेशान था और इसी वजह से वह दुनिया छोड़ रहा है। उसने अपनी मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराने की बात भी वीडियो में कही।
एक हफ्ते पहले पत्नी अपने मायके उन्नाव चली गई
जानकारी के मुताबिक, घटना से करीब एक सप्ताह पहले अजय की पत्नी अपने मायके उन्नाव चली गई थी। इसके बाद युवक ग्रेटर नोएडा स्थित अपने किराए के मकान में रह रहा था। इसी दौरान उसने वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलने पर बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब जांच टीम वीडियो के अलावा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
