प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुर्सी को लेकर मारपीट के बाद सपा आलाकमान सख्त, अखिलेश ने भंग किया गोरखपुर का पूरा संगठन

Gorakhpur: गोरखपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुए थप्पड़कांड के बाद अखिलेश यादव ने बड़ा एक्शन लिया है। सपा की जिला, महानगर और सभी फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणियां भंग कर दी गई हैं।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के भीतर छिड़ी अंदरूनी गुटबाजी और सार्वजनिक रूप से हुए विवाद के बाद पार्टी आलाकमान ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गोरखपुर की जिला कार्यकारिणी और महानगर कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। कार्रवाई का दायरा सिर्फ जिला संगठन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गोरखपुर से जुड़े सभी फ्रंटल संगठनों की जिला-महानगर इकाइयों और प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों व सदस्यों को भी एक झटके में पदमुक्त कर दिया गया है।

akhilesh yadav

अंदरूनी कलह पर अखिलेश का कड़ा संदेश (फाइल फोटो)

प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुआ था थप्पड़कांड

इस बड़ी कार्रवाई की वजह शनिवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित समाजवादी पार्टी की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुआ शर्मनाक विवाद बना। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंच पर कुर्सी पर बैठने को लेकर नेताओं के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। इस दौरान पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी के साथ मारपीट करने और थप्पड़ मारने का गंभीर आरोप लगा। घटना के बाद आरोपी नेता अंशुमान सिंह को पार्टी ने कुछ ही घंटों के भीतर निष्कासित कर दिया था। हालांकि, घटना का वीडियो वायरल होने और पार्टी की फजीहत होने के बाद अखिलेश यादव ने अगले ही दिन पूरे संगठन पर ही झाड़ू फेर दिया। सपा केंद्रीय कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में लिखा है कि समाजवादी पार्टी जनपद गोरखपुर के जिलाध्यक्ष सहित पूरी जिला कार्यकारिणी और महानगर अध्यक्ष सहित महानगर कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। साथ ही सभी फ्रंटल संगठनों, राज्य कार्यकारिणी और प्रदेश कार्यकारिणी से जुड़े गोरखपुर के सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां समाप्त की जाती हैं।

End of Feed