Gorakhpur Crime: गोरखपुर जिले के बांसगांव क्षेत्र के किशनपुर बगही गांव निवासी कमलेश पांडेय (पुत्र हरिश्चंद्र पांडेय) की सऊदी अरब में ड्रोन हमले में मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कमलेश पांडेय सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर काम करते थे। परिजनों के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात हुए ड्रोन हमले में वह इसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सऊदी अरब में ड्रोन हमला (प्रतीकात्मक फोटो)
कमलेश की मौत की खबर से उनकी पत्नी सुनीता देवी और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी बड़ी बेटी 14 वर्ष की, जबकि छोटी बेटी महज 10 वर्ष की है। कम उम्र में ही दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार गहरे सदमे में है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: सिर्फ एक दिन की छुट्टी के लिए स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी! छात्रा की करतूत का दिल्ली पुलिस ने किया खुलासा
विदेश में परिवार की आजीविका के लिए काम कर रहे कमलेश की असामयिक मौत ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। पत्नी सुनीता देवी का विलाप सुनकर लोगों की आंखें नम हो जा रही हैं। गांव के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं और इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं।
शव भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे परिजन
कमलेश पांडेय का शव भारत लाने के लिए परिजन आवश्यक प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। परिवार को इंतजार है कि उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द गांव लाया जा सके, ताकि अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
इस हृदयविदारक घटना से किशनपुर बगही गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने दिवंगत कमलेश पांडेय के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने की कामना की है।
