Hapur News: तकनीक ने लोगों की जिंदगी को पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया है, लेकिन उस पर आंख मूंदकर भरोसा करना कभी-कभी जानलेवा भी साबित हो सकता है। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां गूगल मैप के बताए रास्ते पर चल रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। मैप के भरोसे चलते-चलते कार अचानक एक गहरे नाले में जा गिरी। जिससे परिवार करीब 2 घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा। गनीमत है कि सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
गूगल मैप का खतरनाक शॉर्टकट!
जानकारी के अनुसार, गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र से सद्दीकपुरा निवासी मोहम्मद ईशान अपने परिवार के साथ मेरठ के किठौर में रिश्तेदारी में जा रहे थे। कार में महिला गुड्डी, भाई सादिक और दो मासूम बच्चे रेशु व ताहिर भी बैठे हुए थे। रात के समय जब वे हापुड़ में मेरठ जाने वाले फ्लाईओवर पर पहुंचे तो उन्हें आगे ट्रैफिक बंद मिला। जिसके बाद कार चालक ने वैकल्पिक रास्ते की तलाश में गूगल मैप का सहारा लिया।
रात के अंधेरे में गलत रास्ता पड़ा भारी
गूगल मैप द्वारा बताए गए रास्ते पर चलते हुए कार प्रीत विहार इलाके में पहुंची। तभी वहां कार सड़क से उतरकर करीब चार फीट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद कार सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पानी के दबाव और झटके के कारण कार के चारों गेट सेंट्रल लॉक सिस्टम के कारण बंद हो गए। जिससे सभी लोग अंदर फंस गए।
कार सवार लोगों ने बाहर निकलने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच बंद कार में ऑक्सीजन भी कम हो रहा था। तभी चालक मोहम्मद ईशान ने सूझबूझ दिखाते हुए डायल-112 पर कॉल कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। लेकिन दलदली नाले में फंसी कार तक पहुंचना आसान नहीं था। करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। जिसके बाद जवानों ने कटर की मदद से कार का शीशा काटा और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाले के पास चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
