शहर

Crossing Republic News: जन्माष्टमी से पहले मंदिर से लड्डू गोपाल की मूर्तियां चोरी, पुलिस ने चंद घंटों में ही आरोपी को दबोचा

Crossing Republic Ghaziabad News Today: जन्माष्टमी पर गाजियाबाद के मंदिर से लड्डू गोपाल की मूर्तियां और पूजा सामान चोरी हुआ। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया।

Image

क्रॉसिंग रिपब्लिक में लड्डू गोपाल की मूर्ति चोरी करने वाला धरा गया

Crossing Republic Ghaziabad News Today: गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी से पहले मंदिर से लड्डू गोपाल की मूर्तियां और पूजा का सामान चोरी हो गया। गनीमत ये है कि पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा करने का दावा भी कर दिया है। पुलिस ने मामले में दानिश नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई पीतल और अष्टधातु की मूर्तियों सहित पूजा का पूरा सामान भी बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के जरिए की गई।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को तिगड़ी गोल चक्कर के पास स्थित मंदिर को निशाना बनाया गया। अज्ञात चोर ने मंदिर का ताला तोड़ा और अंदर रखी लड्डू गोपाल की मूर्तियां, अन्य मूर्तियां तथा पूजा में इस्तेमाल होने वाला सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

चोरी की सूचना के बाद पुलिस टीम ने मंदिर और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में संदिग्ध की गतिविधियां और उसका हुलिया सामने आया। इसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान करने के साथ तलाश शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान दानिश के रूप में हुई, जो मूल रूप से मेरठ के परतापुर का रहने वाला है। वह वर्तमान में सेक्टर-123 स्थित राधा कुंज में रह रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।

चोरी की मूर्तियां और पूजा का सामान बरामद

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी की गई मूर्तियां और अन्य पूजा सामग्री बरामद कर ली गई है। पुलिस अब मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी के पीछे उसका उद्देश्य क्या था? क्या वह पहले भी इस तरह की किसी वारदात में शामिल रहा है?

पुलिस के मुताबिक, मामले में बरामद सामान को जरूरी कानूनी प्रक्रिया के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने CCTV फुटेज को जांच का अहम आधार बनाया, जिसके जरिए आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। मामले को लेकर एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article