Haridwar News: उत्तराखंड के हरिद्वार में रविवार को गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां गाजियाबाद के दो दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। एक दोस्त को बचाने की कोशिश में दूसरा भी नदी की तेज धारा में बह गया, जिससे दोनों की जान चली गई। दोनों दोस्त अपने परिवारों के साथ तीर्थयात्रा पर हरिद्वार आए थे। इस हादसे में उनके परिवार में शोक की लहर है।
सांकेतिक फोटो
गंगा के तेज बहाव में बह गए दो दोस्त
पुलिस के अनुसार, यह घटना हरिद्वार के कोतवाली क्षेत्र के दूधिया बांध इलाके में रविवार सुबह हुई। मृतकों की पहचान बृजेश कुमार त्रिपाठी (42) और सचिन त्यागी (35) के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि बृजेश त्रिपाठी गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक उनका पैर फिसलने से वे तेज बहाव में बहने लगे। अपने दोस्त को डूबता देख सचिन त्यागी उन्हें बचाने के लिए गए। उन्होंने तुरंत गंगा नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज धारा के कारण वे खुद को संभाल नहीं सके और दोनों ही पानी में डूब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कुछ घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए। बताया जा रहा है कि सचिन त्यागी गाजियाबाद में गारमेंट का कारोबार करते थे।
सप्तऋषि के आसपास स्नान के लिए सुरक्षित नहीं इलाका
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हरिद्वार के सप्तऋषि और आसपास के इलाकों में इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। यहां नदी किनारे चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, क्योंकि इन स्थानों को स्नान के लिए सुरक्षित नहीं माना जाता। इसके बावजूद श्रद्धालु यहां स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाते हैं, जिससे हादसे हो जाते हैं।
ऋषिकेश से दो शव बरामद
इसी दिन एक अलग घटना में ऋषिकेश के चिल्ला नहर से एसडीआरएफ की टीम ने दो शव बरामद किए। जिनमें से एक की पहचान बिहार निवासी 26 वर्षीय आयुष के तौर पर हुई, वह कुछ दिन पहले सेल्फी लेते समय पानी में डूब गया था। दूसरा शव ऋषिकेश के निवासी अनिल बहुगुणा का था, जो पहले डूबे थे।
