Ghaziabad Police Encounter: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में बीती रात चेकिंग के दौरान पुलिस और एक संदिग्ध के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, उसपर दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल और चैन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है।
गाजियाबाद में पुलिस एनकाउंटर के बाद आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात पुलिस की टीम इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को कनावनी पुलिया की ओर से मोटरसाइकिल एक संदिग्ध आता हुआ दिखाई दिया। टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। इस दौरान संदिग्ध के पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया। घायल आरोपी की पहचान मुनासिर उर्फ मुनाजिर के रूप में हुई है, जो साहिबाबाद के गरिमा गार्डन का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
पूछताछ में स्नैचिंग की घटनाओं का जिक्र
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने दिल्ली-NCR और गाजियाबाद में चैन और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी इन वारदातों के दौरान स्कूटी और मोटरसाइकिल बदल-बदलकर इस्तेमाल करता था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने करीब दो सप्ताह पहले इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई एक चैन स्नैचिंग की घटना में भी शामिल होने की बात भी बताई है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस संबंधित घटनाओं की जांच कर रही है।
दिल्ली-NCR में दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस का कहना है कि मुनासिर उर्फ मुनाजिर के खिलाफ दिल्ली-NCR में एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और पूछताछ में सामने आई स्नैचिंग की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन है।
